Featured Image

Bihar Woman Molestation Case: दुर्गा पूजा के दर्शन करने निकले एक दंपति के साथ रास्ते में ऐसा क्या हुआ कि मामला सामूहिक दुष्कर्म और लूट तक पहुंच गया? बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से सामने आई इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि सुनसान रास्ते पर बाइक से जा रहे दंपति को कुछ युवकों ने घेर लिया. इसके बाद महिला और उसके पति के साथ मारपीट की गई और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

दुर्गा पूजा देखने जा रहे कपल को घेरा गया

यह घटना 18 अक्टूबर 2026 को पूर्वी चंपारण के मधुबन थाना इलाके के बंजरिया सरेह के पास हुई बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, महिला शिवहर जिले से दुर्गा पूजा देखने मधुबन जा रही थी. वह अपने पति के साथ बाइक पर सवार थी. इस दौरान, कथित तौर पर कुछ युवकों ने कपल को रोका. कथित तौर पर उन्हें एक सुनसान इलाके में ले जाकर मारपीट की गई. फिर महिला के साथ गैंगरेप किया गया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

आठ आरोपी गिरफ्तार

मधुबन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

  • अंबिकेश तिवारी (38),
  • रिंकी कुमार (19),
  • अंकुश कुमार (19),
  • राहुल कुमार (19),
  • कंचन कुमार (18),
  • मुन्ना कुमार (18),
  • रणधीर कुमार (20),
  • अमित कुमार (20) के रूप में हुई है.

पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी शिवहर जिले के श्यामपुर थाना इलाके के लालगढ़ जिमी सिंह टोला गांव के रहने वाले हैं. आरोपियों के पास से छह टचस्क्रीन मोबाइल फोन और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया है. महिला के पति से छीना गया एक टचस्क्रीन मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है.

पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा

मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सोमवार को सोशल मीडिया के जरिए मामले में आठ आरोपियों की गिरफ्तारी की घोषणा की. पुलिस के मुताबिक, पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है और घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.