Featured Image

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज महाकुंभ से चर्चा में आए IITian बाबा अभय सिंह ग्रेवाल की मौत की खबर को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबर झूठी है. दावा किया जा रहा था कि हरियाणा के हिसार में एक होटल के कमरे में उनका शव मिला है. लेकिन हिसार पुलिस ने इस दावे को खारिज करते हुए साफ किया कि मृतक का नाम राहुल जैन बताया है. जिनका IITian बाबा अभय सिंह से कोई संबंध नहीं है.

इस मामले में सबसे जरूरी बात यह है कि हिसार में एक व्यक्ति की मौत की खबर को सोशल मीडिया पर गलत तरीके से IITian बाबा से जोड़ दिया गया. पुलिस ने लोगों से बिना पुष्टि ऐसी खबरें शेयर नहीं करने की अपील की है. इसी के साथ फैक्ट चेक और वायरल दावे में क्या-क्या हल्ला मचा हुआ है आइए जानते हैं…

जांच में क्या सामने आया?

हिसार पुलिस के सोशल मीडिया प्रभारी अमरिंदर सिंह ने इस दावे को झूठा बताया. पुलिस के मुताबिक, हिसार के PLA इलाके में मृत मिले व्यक्ति की पहचान राहुल जैन के रूप में हुई थी. उनका अभय सिंह से कोई संबंध नहीं था.

1. हिसार में किसकी मिली थी लाश?

पुलिस के मुताबिक, करीब तीन दिन पहले हिसार के PLA इलाके में राहुल जैन नाम के 35 वर्षीय व्यक्ति का शव उनके घर के बेडरूम में मिला था. शुरुआती रिपोर्टों में भी मृतक की पहचान राहुल जैन के तौर पर की गई थी. इसलिए इस घटना को IITian बाबा की मौत बताना गलत है.

2. राहुल जैन को IITian बाबा से क्यों जोड़ा गया?

रिपोर्टों के अनुसार, राहुल जैन ने IIT रुड़की से पढ़ाई की थी और ऑनलाइन कोचिंग भी देते थे. वहीं, अभय सिंह ने IIT बॉम्बे से पढ़ाई की थी. दोनों का IIT से जुड़ा होना भ्रम की एक संभावित वजह बना. सोशल मीडिया पर राहुल की मौत की खबर को अभय सिंह से जोड़कर फैलाया गया.

3. क्या पुलिस ने वायरल खबर का खंडन किया?

हां. हिसार पुलिस के सोशल मीडिया प्रभारी अमरिंदर सिंह ने साफ कहा कि IITian बाबा की मौत की खबर पूरी तरह गलत है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसी भ्रामक पोस्ट और वीडियो को बिना पुष्टि के शेयर न करें. पुलिस अधीक्षक ने भी सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के निर्देश दिए

4. कहां मिला था शव-होटल में या घर पर?

यहां वायरल पोस्ट और पुलिस के बयान के बीच अंतर है. सोशल मीडिया पर शव होटल में मिलने का दावा किया गया, जबकि पुलिस के मुताबिक राहुल जैन का शव उनके PLA इलाके स्थित घर में मिला था. यही अंतर इस वायरल दावे की पड़ताल में अहम है.

5. IITian बाबा अभय सिंह कौन हैं?

अभय सिंह ग्रेवाल हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले हैं. प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान इंजीनियरिंग की पढ़ाई से आध्यात्मिक जीवन की ओर उनके सफर के कारण वह चर्चा में आए थे. उनकी पहचान सोशल मीडिया पर प्रवचन और आध्यात्मिक विचार साझा करने वाले व्यक्ति के रूप में भी बनी.