मध्य प्रदेश: शादी के गहनों पर चोरों का हाथ साफ, 80 हजार नकद समेत जेवर चोरी, गांव में दहशत का माहौल

मध्य प्रदेश: नागौद थाना क्षेत्र के पोंडी चौकी अंतर्गत पनगरी गांव में सोमवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बेटी की शादी के लिए रखे सोने-चांदी के जेवर और घर की छपाई के लिए रखी करीब 80 हजार रुपए नकद पार कर दिए. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है.

पीथमपुर में नौकरी करते हैं मकान मालिक, जानकारी के अनुसार पनगरी निवासी लक्ष्मण सिंह पीथमपुर में नौकरी करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे. घर में उनकी पत्नी, बहू और बेटी थीं। देर रात बदमाशों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया.

अलमारी और बक्से खंगाले
चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी और बक्सों को खंगाल डाला। बेटी की शादी के लिए रखे गए जेवरात और नकदी रकम लेकर फरार हो गए. सुबह जब परिवार की नजर टूटी अलमारी और बिखरे सामान पर पड़ी तो सभी के होश उड़ गए.

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है.

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
नागौद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा.

ग्रामीणों में आक्रोश
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में पुलिस निगरानी मजबूत करने की मांग की है. पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना या चौकी में दें.

Leave a Reply