कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के गौडाहल्ली इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 30 वर्षीय एक महिला की वॉशिंग मशीन इस्तेमाल करते समय बिजली का झटका लगने से मौत हो गई. हालांकि, पहली नजर में दुर्घटना दिखने वाली यह घटना अब एक संदिग्ध हत्या के मामले में तब्दील होती नजर आ रही है. मृतका के मातापिता ने अपने दामाद पर बेटी की हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है.

मृतक महिला की पहचान सुजाता के रूप में हुई है. वह तुमकुर के हेग्गेरे निवासी पांडुरंगैया और भाग्यम्मा की चौथी बेटी थी. सुजाता की शादी 10 साल पहले बेंगलुरु के रियल एस्टेट व्यवसायी चेतन से हुई थी. जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे जब सुजाता कपड़े धोने के लिए वॉशिंग मशीन के पास गई, तभी उसे जोरदार करंट लगा. उसे तुरंत वीपी मैग्नस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
वैवाहिक विवाद ने पैदा किया संदेह
सुजाता के मातापिता का दावा है कि यह महज कोई तकनीकी खराबी से हुआ हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या है. उनके संदेह के पीछे ठोस कारण हैं. दरअसल, सुजाता और चेतन के बीच पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था. परिजनों का आरोप है कि चेतन उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था. पति के उत्पीड़न से तंग आकर सुजाता एक महीने पहले अपने मायके चली गई थी. करीब एक हफ्ते पहले ही चेतन और उसकी मां ने उसे समझाबुझाकर वापस गौडाहल्ली बुलाया था. मायके से वापस आने के मात्र आठ दिन बाद ही सुजाता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे परिवार का शक गहरा गया है.
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मशीन में करंट आना एक तकनीकी दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई साजिश रची गई थी.



