हिमाचली खबर: मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी की MBA की छात्रा अनु गुप्ता की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सहारनपुर की रहने वाली मृतक छात्रा मेरठ के IIMT में एमबीए फाइनल ईयर छात्रा थी। यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिरकर अनु की बुधवार सुबह मौत हो गई। नीचे गिरते ही उसका सिर फट गया। छात्रा का शव हॉस्टल की मेड ने खून से लथपथ पड़ा देखा। वॉर्डन स्टाफ छात्रा को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मेरठ: IIMT यूनिवर्सिटी में हॉस्टल की छत से गिरकर MBA छात्रा की मौत, खून से लथपथ शव देख मचा हड़कंप​
मेरठ: IIMT यूनिवर्सिटी में हॉस्टल की छत से गिरकर MBA छात्रा की मौत, खून से लथपथ शव देख मचा हड़कंप​

परिजनों ने क्या आरोप लगाया?

मृतका के परिजनों ने बताया कि अनु कल सहारनपुर घर से वापस मेरठ आई थी और आज सुबह उसके गिरने की सूचना मिली। परिजनों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने अनु के गिरने की सूचना भी नहीं दी। आज सुबह जब उससे बात नहीं हो पा रही थी तो उन्होंने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो पता चला कि अनु छत से गिर गई है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। एसपी देहात का कहना है कि हर बिन्दु पर गहनता से जांच की जा रही है। 

‘स्टूडेंट्स और शिक्षकों के बीच व्यवहार असामान्य’

छात्रा की मौत से यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स सकते में आ गए और उनका कहना है कि यूनिवर्सिटी के अंदर माहौल अच्छा नहीं है, भय का माहौल है। आरोप है कि स्टूडेंट्स और शिक्षकों के बीच विश्वविद्यालय में व्यवहार असामान्य है।

छात्रों ने यूनिवर्सिटी के गेट पर सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

वहीं अनु की मौत के बाद छात्र नेताओं और छात्रों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। आईआईएमटी में छात्रा की मौत की सूचना बाहर आई तो अन्य छात्र यूनियन भी एक्टिव हो गई और उन्होंने भी विरोध किया। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के छात्र नेता विनीत चपराना भी आईआईएमटी पहुंचे और मामले की निष्पक्षता के साथ जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मामला बेहद संगीन है, छात्रा की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए इस मामले की जांच विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला पुलिसप्रशासन गंभीरता से करें। 

‘…तो सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे छात्र’

वहीं, विनीत चपराना ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई और मामले की जांच में पारदर्शिता नहीं दिखाई तो छात्र सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारी छात्रों को समझाकर जांच की बात कही है। अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नही बरती जाएंगी, मृतका के परिजनों की तहरीर को ध्यान में रखते हुए हर एंगल पर जांच होगी।