
खटमल ने महिला की हालत की खराब Image Credit source: AI
ब्रिटेन के एक होटल में ठहरना 46 साल की महिला के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा. बिजनेस ट्रिप के दौरान होटल के कमरे में रात बिताने के बाद महिला के पूरे शरीर पर खटमलों ने हमला कर दिया. हालत इतनी खराब हो गई कि उसके चेहरे, गर्दन, हाथ, पीठ और पेट पर 100 से ज्यादा काटने के निशान पड़ गए. शुरुआत में महिला ने खुजली को सामान्य समझा, लेकिन कुछ ही समय में उसकी त्वचा लाल पड़ने लगी और हाथ में काफी सूजन आ गई. आखिरकार उसे इमरजेंसी में इलाज के लिए अस्पताल जाना पड़ा.
ये मामला ब्रिटेन के एक्सेटर (Exeter) शहर स्थित Holiday Inn Express Exeter East होटल का है. डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, वेल्स के कैरफिली के पास रहने वाली 46 वर्षीय निकोला जेनकिंस (Nicola Jenkins) 12 अक्टूबर को अपने ऑफिस के काम से चार रातों के लिए इस होटल में ठहरी थीं. निकोल के मुताबिक, होटल में पहली रात उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई. सब कुछ नॉर्मल था, लेकिन अगली सुबह जब वह सोकर उठीं तो शरीर में खुजली महसूस होने लगी. शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद किसी कीड़े ने काट लिया होगा. लेकिन जब उन्होंने नहाने के बाद अपने शरीर को ध्यान से देखा तो उनके होश उड़ गए. चेहरे से लेकर गर्दन, हाथ, पीठ और पेट तक लाल निशान दिखाई दे रहे थे.
होटल में ठहरने के बाद अस्पताल पहुंची महिला
निकोल ने बताया कि उन्हें पहले भी खटमलों के काटने का एक्सपीरियंस हो चुका था, इसलिए वह तुरंत समझ गई थीं कि उनके साथ क्या हुआ है. हालांकि, इस बार स्थिति पहले से कहीं ज्यादा खराब थी. उनके शरीर पर 100 से ज्यादा काटने के निशान थे. इसके बाद उन्होंने कमरे में रखे बिस्तर और चादर की जांच शुरू की. इसी दौरान उन्हें अपनी रजाई के ऊपर एक खटमल रेंगता हुआ दिखाई दिया. इतना ही नहीं, उनका दावा है कि बिस्तर के अंदर करीब 40 मरे हुए खटमल भी मिले. निकोल ने इस पूरे मामले का वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने खटमल दिखाई देने की बात कही.
उन्होंने तुरंत होटल के रिसेप्शन पर जाकर इसकी शिकायत की. होटल की तरफ से उन्हें दूसरा कमरा देने की पेशकश की गई, लेकिन निकोल इससे संतुष्ट नहीं थीं. उनका कहना था कि जब कमरे में इतनी बड़ी समस्या सामने आई है तो होटल को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए थी. निकोल ने रिफंड की मांग भी की, लेकिन कथित तौर पर उन्हें बताया गया कि बुकिंग का भुगतान उनके ऑफिस की तरफ से किया गया था, इसलिए सीधे रिफंड देना संभव नहीं है. इसके बजाय उन्हें एक मुफ्त कॉफी देने की पेशकश की गई. आखिरकार उन्होंने उस होटल को छोड़ने और किसी दूसरे होटल में ठहरने का फैसला किया.
हालांकि, होटल बदलने के बाद भी उनकी परेशानी कम नहीं हुई. अगले कुछ दिनों में खुजली और ज्यादा बढ़ गई. उनकी त्वचा में जलन होने लगी और उन्हें ऐसा महसूस हो रहा था जैसे शरीर पर आग लग रही हो. शरीर पर नए निशान भी दिखाई देने लगे. हालत बिगड़ने पर निकोल एक फार्मासिस्ट के पास पहुंचीं, जहां उन्हें खुजली से राहत के लिए एंटीहिस्टामिन दवाएं दी गईं. लेकिन इससे भी पूरी तरह आराम नहीं मिला. 19 अक्टूबर को उनके बाएं हाथ में काफी सूजन आ गई और त्वचा चमकदार लाल हो गई. इसके बाद उन्हें अस्पताल के इमरजेंसी विभाग यानी A&E में जाना पड़ा.
अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी जांच की और सूजन व त्वचा की समस्या को देखते हुए स्टेरॉयड दवाओं का कोर्स दिया. निकोल ने इस पूरे अनुभव को अपनी जिंदगी के सबसे तनावपूर्ण अनुभवों में से एक बताया. उन्होंने कहा कि इस घटना के कारण उन्हें एक बेबी शावर में शामिल होने का मौका भी छोड़ना पड़ा और पूरे वीकेंड घर के अंदर ही रहना पड़ा.
इलाज के बाद धीरे-धीरे उनकी हालत में सुधार हुआ, लेकिन इस घटना ने होटल को लेकर उनका भरोसा पूरी तरह खत्म कर दिया. निकोल का कहना है कि अब वह इस होटल चेन में दोबारा ठहरना पसंद नहीं करेंगी. होटल की तरफ से उन्हें शिकायत के बाद एक मुफ्त वीकेंड स्टे देने का ऑफर भी दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया. रिपोर्ट के मुताबिक, निकोल के ऑफिस की तरफ से शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद होटल ने उनसे संपर्क किया और कमरे में खटमल होने की बात स्वीकार की. इसके बाद होटल ने एक मुफ्त वीकेंड स्टे की पेशकश की.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के सदर बाजार से सस्ती खरीदारी के नाम पर हुआ ऐसा धोखा! एल्युमिनियम फॉयल के नाम पर महिला को लगा चूना
वहीं, पूरे मामले पर Holiday Inn Express Exeter East के प्रवक्ता ने कहा कि होटल समझता है कि इस तरह का एक्सपीरियंस किसी भी मेहमान के लिए कितना परेशान करने वाला हो सकता है. होटल साफ-सफाई और मेहमानों की सुरक्षा को गंभीरता से लेता है. प्रवक्ता ने कहा कि हम उठाई गई चिंताओं की जांच कर रहे हैं और मेहमान के सीधे संपर्क में हैं.



