मशहूर पंजाबी और साउथ अभिनेत्री मेहरीन कौर पीरजादा ने अपने जीवन के एक नए सफर की शुरुआत कर दी है। उन्होंने 26 अप्रैल को अर्श औलख के साथ गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। इस निजी समारोह में केवल परिवार के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल हुए।
शादी की खूबसूरत तस्वीरें की शेयर

अभिनेत्री ने अपनी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं। अपने खास दिन के लिए मेहरीन ने पेस्टल पिंक रंग का आउटफिट पहना था, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। कपल ने ‘आनंद कारज’ रस्म के साथ शादी की। शादी की तस्वीरों में दोनों का अंदाज बेहद रोमांटिक और प्यारा है। मेहरीन ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘26.04.2026 #ArshDiMeher’।
सितारों ने दी बधाईयां
शादी की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और मनोरंजन जगत के सितारों की बधाईयों की बाढ़ आ गई है। काजल अग्रवाल, राहुल वैद्य, मौनी रॉय, सोनल चौहान, हंसिका मोटवानी, निधी अग्रवाल और रिद्धिमा पंडित जैसे बड़े सितारों ने कमेंट कर नए जोड़े को जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
मेहरीन का फिल्मी सफर
मेहरीन कौर पीरजादा ने साल 2016 में तेलुगू फिल्म ‘कृष्णा गाडी वीरा प्रेम गाधा’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने ‘फिल्लौरी’ फिल्म के साथ हिंदी सिनेमा में कदम रखा। उन्होंने तमिल, तेलुगू और पंजाबी फिल्मों में अपनी बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है।