West Bengal Encounter: पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले में एक आरोपी की पुलिस एकाउंटर में मौत हो गई. 23 साल के आरोपी प्रह्लाद दास पर 17 साल की छात्रा से रेप और हत्या का आरोप था. जानकारी के अनुसार, पुलिस आरोपी को सोमवार की रात गायघाटा में क्राइम सीन को रीक्रिएट करने के लिए ले गई थी. उसी दौरान आरोपी ने एक पुलिसवाले की सर्विस रिवॉल्वर छीनी और फायरिंग कर दी.

इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई, जिसमें आरोपी को गोली लगी. बंगाल में तीन महीने के भीतर ऐसा तीसरी बार हुआ है कि पुलिस आरोपाी को क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए ले गई और पुलिस की बंदूक छीनकर फायरिंग करने वाले रेप और हत्या के आरोपी की गोली लगने से मौत हुई. इससे पहले जुलाई में दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर से ऐसी ही घटना सामने आई थी.

पुलिसवाले के घायल होने की सूचना नहीं

गोली लगने बाद घायल आरोपी को पुलिस चांदपाड़ा ग्रामीण अस्पताल ले गई, जहां उसको मृत घोषित कर दिया गया. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने रिवॉल्वर कैसे छीनी और फायरिंग तक बात कैसे पहुंची, इसकी जांच की जा रही है. फायरिंग के दौरान पुलिसवाले पास की नहर में छिप गए. इस घटना में किसी पुलिसवाले के घायल होने की सूचना नहीं है.

इधर आरोपी के परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर इस घटना पर अपनी नाराजगी व्यक्त की. फिलहाल इलाके में सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं. पीड़िता की मां के अनुसार, वह शनिवार शाम अपनी बेटी को एक स्थानीय कार्यक्रम में ले गई थीं, जहां बेटी अपने दोस्तों के साथ घूम रही थी. कुछ देर बाद वह लापता हो गई.

रविवार सुबह गायघाटा थाना क्षेत्र में एक घर के पीछे से पीड़िता का शव बरामद किया गया था. परिवार ने आरोप लगाया कि लड़की के साथ बलात्कार और हत्या की गई. उन्होंने दास के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जो कथित तौर पर पीड़िता का रिश्तेदार था. पुलिस ने मामले की जांच की और आरोपी युवक को गिरफ्तार किया था.