अमेठी में खेत पर सो रहे किसान की हत्या, सुबह चारपाई पर मिला लहूलुहान शव

अमेठी: अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के पूरे घिसई मजरे लीही गांव निवासी किसान शिव प्रसाद (55) की शनिवार रात अज्ञात हमलावरों ने कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी. वह खेत पर बने अपने ट्यूबवेल पर सो रहे थे.

रविवार सुबह जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई. खोजबीन करते हुए परिजन खेत पहुंचे, जहां चारपाई पर उनका शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला. यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई.

घटना की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर राकेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिव प्रसाद पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है.

पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है.

इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है.

Leave a Reply