
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर थाना क्षेत्र के ग्राम सीताडोंगरी में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. कुएं से पानी निकालते समय 48 वर्षीय महिला अचानक कुएं में गिर गई. पत्नी को डूबता देख 52 वर्षीय पति ने उसे बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन दुर्भाग्यवश दोनों की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है.
मृतकों की पहचान सीताडोंगरी निवासी शांति बाई उइके (48) और उनके पति अंजोर सिंह उइके (52) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रविवार को शांति बाई कुएं से पानी निकाल रही थीं. इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में जा गिरीं. पत्नी को कुएं में गिरता देख अंजोर सिंह उन्हें बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद गए. हालांकि, वह अपनी पत्नी को बचाने में सफल नहीं हो सके और दोनों की पानी में डूबने से जान चली गई.
पत्नी को बचाने की कोशिश में गई पति जान
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलने पर बैहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. काफी प्रयासों के बाद दोनों के शव कुएं से बाहर निकाले गए. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
पांच बेटों के सिर से उठा माता-पिता का साया
इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. शांति बाई और अंजोर सिंह के पांच बेटे हैं. एक ही दिन में माता-पिता दोनों को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है. ग्रामीण इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दे रहे हैं.
कुएं में डूबने से पति-पत्नी की मौत
बैहर थाना प्रभारी दीपिका सिंगौर ने बताया कि ग्राम सीताडोंगरी में कुएं में डूबने से पति-पत्नी की मौत हुई है. पुलिस ने दोनों के शव कुएं से बरामद कर लिए हैं. देर शाम होने के कारण शवों का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा. पोस्टमार्टम और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है. पत्नी को बचाने के प्रयास में पति की भी जान चले जाने की इस घटना से पूरे क्षेत्र में दुख का माहौल है.



