हिमाचली खबर: UP Weather: यूपी इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 54 जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है. इनमें 10 जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जहां लू का असर बेहद गंभीर रहने की संभावना है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 24 जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है.

UP में नौतपा का अग्निबाण: कल से शुरू होगा 6 दिनों का महा-टॉर्चर, इन 10 जिलों में 45° पार जाएगा पारा, 24 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी​
UP में नौतपा का अग्निबाण: कल से शुरू होगा 6 दिनों का महा-टॉर्चर, इन 10 जिलों में 45° पार जाएगा पारा, 24 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी​

मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और संत रविदास नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में भीषण लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है. प्रशासन ने लोगों को दोपहर में घरों से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है.

बांदा प्रदेश में सबसे गर्म जिला

बांदा प्रदेश में सबसे गर्म वाला जिला बना हुआ है. शनिवार को अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री दर्ज किया गया. सोमवार से नौतपा शुरू हो रहा है. इस दौरान अगले कम के कम 6 दिनों तक पूरे प्रदेश में भयंकर गर्मी पड़ेगी और झुलसा देने वाली गर्म हवाएं चलेंगी. आईएमडी के अनुसार इसके बाद बारिश की संभावना है.

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

इसके अलावा सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में तेज गर्म हवाएं चलने और हीट स्ट्रोक का खतरा बना हुआ है.

21 जिलों में येलो अलर्ट

वहीं आजमगढ़, मऊ, बलिया, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज एवं आसपास के क्षेत्र में येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां सामान्य से अधिक तापमान और उमस लोगों को परेशान कर सकती है.

24 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

पश्चिमी यूपी के कई जिलों में मौसम अचानक बदलने के आसार हैं. सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल एवं आसपास के क्षेत्र में तेज आंधी, हल्की बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है.

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की है. भीषण गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर है. डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.