
Faridabad Crime: हरियाणा के फरीदाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, फरीदाबाद के सेक्टर 86 में एक अनजान नकाबपोश आदमी ने कथित तौर पर एक 19 साल की लड़की के घर में घुसकर ब्लेड से उस पर कई बार हमला किया और उसे घायल कर दिया. इस पूरे मामले पर पुलिस का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता फरीदाबाद के एक कॉलेज में बीसीए (BCA) थर्ड ईयर की छात्रा है. बताया जा रहा है कि वह घर पर अकेली थी और ऑनलाइन क्लास ले रही थी.
ये पूरी घटना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है. इसके अलावा, पुलिस ने आगे जानकारी देते हुए संदिग्ध ने हमले के दौरान अपने चेहरे को कपड़े से ढक लिया था.
पुलिस ने क्या बताया?
संदिग्ध घर में घुसा और लड़की पर हमला कर दिया. हमला इतनी तेजी से हुआ कि लड़की को अपना बचाव करने का भी मौका नहीं मिला. फिर हमलावर घर से फरार हो गया. पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि उसके गले पर तीन और माथे पर दो कट लगे थे. उन्होंने कहा कि उसने फोन पर अपने पिता को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे तुरंत घर लौटे और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए.
यह भी पढ़ें –Haryana Crime: दोस्त के साथ घूमने निकली लड़की, 4 युवकों ने पकड़कर किया गैंगरेप, लड़के के साथ भी अप्राकृतिक कुकर्म
उत्तर प्रदेश की रहने वाली है पीड़िता
पुलिस के हवाले से जानकारी सामने आ रही है कि पीड़िता मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है. पीड़िता के पिता का हवाला देते हुए अधिकारी ने बताया कि महामारी के बाद वे फरीदाबाद आ गए थे. उन्होंने आगे कहा कि उनकी बेटी पढ़ाई के सिलसिले में करीब तीन महीने पहले उनके साथ रहने आई थी. दोनों सेक्टर-86 के बुढ़ाना गांव में घर पर अकेले रह रहे थे.
पीड़िता का उपचार जारी
फरीदाबाद पुलिस के पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर यशपाल यादव ने बताया कि पीड़िता का अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना को लेकर खेरी पुल पुलिस स्टेशन में एक अनजान संदिग्ध के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है. उन्होंने आगे कहा कि पुलिस संदिग्ध की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश में आस-पास के इलाकों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. संदिग्ध के पकड़े जाने के बाद ही घटना के पीछे की वजह साफ हो पाएगी.



