हिमाचली खबर: Oxidized Jewellery Ki Dekhbhal Kaise Karen: ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी एवरग्रीन फैशन ट्रेंड बन चुकी हैं जिन्हें किसी भी तरह की आउटफिट के साथ स्टाइल किया जा सकता है। साड़ी, सूट, वेस्टर्न ड्रेस या इंडो वेस्टर्न लुक के साथ इस तरह की ज्वेलरी स्टाइलिश और फैशनेबल लुक देती हैं। जब भी हम बाजार से ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी खरीदते हैं तो इनकी चमक चांदी की तरह दिखती है लेकिन कुछ समय बाद ये काली पड़ने लगती हैं और इन्हें पहनने का मन नहीं करता है।

अगर आप भी ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी को काला होने से बचाना चाहती हैं तो इसके लिए कुछ टिप्स काम आ सकती हैं। अगर आप इस्तेमाल करने के बाद इन्हें यूं ही रख देती हैं तो ये ज्वेलरी अपनी चमक खो सकती हैं। ऐसे में लंबे समय तक इन ज्वेलरी की चमक को बरकरार रखना चाहती हैं तो सही देखभाल करना जरूरी है।
ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी काली पड़ने का कारण
अक्सर हवा, पानी या पसीने के संपर्क में आते ही ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी पर एक काली परत जमने लगती है। इसके अलावा परफ्यूम और ब्यूटी प्रोडक्ट्स की वजह से ये ज्वेलरी खराब हो सकती हैं। इनकी सही देखभाल न होने की वजह से ये जल्दी काली पड़ने लगती हैं।
नमी और हवा से बचाव
ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी को नमी से बचा कर रखा जाए तो यह लंबे समय तक खराब नहीं होती है। इन्हें इस्तेमाल करने के बाद हमेशा जिप लॉक प्लास्टिक पाउच में रखें। हवा लगने की वजह से ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी का रंग खराब हो सकता है। हवा और नमी के संपर्क से ये ज्वेलरी जल्दी खराब हो जाती हैं।
कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल
ज्वेलरी पहनने से पहले ही कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें। मेकअप के संपर्क में आने से इस तरह की ज्वेलरी जल्दी खराब हो सकती हैं। ऐसे में मेकअप करने के बाद ही इन्हें स्टाइल करें।
परफ्यूम न लगाएं
ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी अगर पहन रहे हैं तो उसके ऊपर परफ्यूम न लगाएं। परफ्यूम के संपर्क में आते ही ज्वेलरी काली पड़ सकती है और खराब हो सकती है। कपड़ों पर परफ्यूम लगाने के बाद भी ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी को कैरी करें।
कैसे करें साफ
इस तरह की ज्वेलरी को साफ करने के लिए आप बेकिंग सोडा और गर्म पानी का इस्तेमाल कर सकती हैं। ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी गर्म पानी और बेकिंग सोडा के घोल में कुछ समय के लिए डुबोकर रखें। इसके बाद इसे पानी से धो लें और मुलायम कपड़े से पोंछकर अच्छे से सुखा लें। अब इसे लिपलॉक प्लास्टिक में स्टोर करके रखें।



