उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में सभी पार्टियों ने कमर कस ली है. सूबे में योगी आदित्यनाथ की सरकार का दूसरा कार्यकाल पूरा होने वाला है और भारतीय जनता पार्टी दावा कर रही है कि तीसरी बार भी प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार बनने जा रही है.

लेकिन भाजपा के अंदरखाने सब कुछ ठीक चल रहा है, ऐसा साफसाफ नहीं कहा जा सकता. इस बीच यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा, इसे लेकर स्थिति योगी आदित्यनाथ ने लगभग स्पष्ट कर दी है.

योगी बोले कमल का फूल हमारी पहचान

एक इंटरव्यू के दौरान योगी आदित्यनाथ से जब सीएम फेस को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यूपी में सीएम फेस कौन होगा और कौन नहीं, यह सब जानते हैं. योगी ने कहा कि कमल का फूल तो हमारी पहचान है.

सीएम योगी के इस बयान को यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के लिए संदेश माना जा रहा है. दरअसल केशव प्रसाद मौर्य ने सीएम फेस के सवाल पर कहा था कि कमल का फूल ही सीएम चेहरा है.

सीएम योगी ने कहा कि कमल के फूल पर तो हर व्यक्ति को चुनाव लड़ना ही है. मैं भी कमल के फूल पर ही चुनाव लड़ूंगा.