Featured Image

भोपाल |मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गांधीनगर इलाके से एक दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ बीते रात करीब 11:30 बजे एक डॉक्टर के घर पर हुई अंधाधुंध फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू की। पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी PG डॉक्टर नवीन रोहिला अपनी पुरानी दोस्त और साथी डॉक्टर श्वेता ठाकुर के घर पहुँचा था, जहाँ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और फिर उसने पिस्तौल निकालकर गोलियाँ चलानी शुरू कर दी।

लेडी डॉक्टर और भाई अस्पताल में भर्ती

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने एक के बाद एक तीन गोलियाँ दाग दी। इस अचानक हुए हमले में डॉक्टर श्वेता ठाकुर और उनके भाई अभिषेक ठाकुर बुरी तरह घायल हो गए। श्वेता को एक गोली कनपटी के पास लगी है, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं उनके भाई अभिषेक को भी गोली लगी है। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को आनन-फानन में पास के अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।

फायरिंग के बाद आरोपी ने की सुसाइड की कोशिश

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी डॉक्टर नवीन रोहिला ने खुद को नुकसान पहुँचाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उसने मकान की रेलिंग से रस्सी बाँधकर फांसी लगाने का प्रयास किया, लेकिन वह उसमें नाकाम रहा। इसके बाद वह मौके से भागने की फिराक में था, पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी की हालत भी बिगड़ रही थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कॉलेज के जमाने की दोस्ती और सगाई का एंगल

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी डॉक्टर नवीन और पीड़ित महिला डॉक्टर श्वेता पुराने दोस्त हैं और दोनों ने साथ में पढ़ाई की है। हाल ही में श्वेता की सगाई हुई थी, जिसके बाद से नवीन काफी परेशान चल रहा था। हालाँकि, पुलिस का कहना है कि फायरिंग के पीछे की असली वजह क्या यही थी या कुछ और, यह दोनों पक्षों के बयान दर्ज होने और पूरी जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने FIR दर्ज कर पिस्टल और बाकी सबूत जब्त कर लिए हैं।