हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में स्थित एक प्रतिष्ठित गर्ल्स यूनिवर्सिटी इन दिनों विवादों में घिर गई है। आरोप है कि विश्वविद्यालय की मेस में परोसे गए भोजन में कीड़े निकलने के बाद छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। जैसे ही यह खबर छात्रावास में फैली, बड़ी संख्या में छात्राएं मेस के बाहर जमा हो गईं और उन्होंने जमकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्राओं ने मेस के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस घटना के बाद पूरे परिसर में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार यह मामला सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल स्थित बड़ू साहिब की एक गर्ल्स यूनिवर्सिटी का है, जिसे उत्तर भारत की पहली गर्ल्स यूनिवर्सिटी माना जाता है। छात्रावास में रहने वाली छात्राओं का कहना है कि गुरुवार शाम मेस में परोसे गए खाने में कीड़े दिखाई दिए। कुछ छात्राओं का दावा है कि कीड़े सीधे उनकी प्लेट में नजर आए, जिससे वहां मौजूद छात्राओं में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद शुक्रवार सुबह छात्राएं बड़ी संख्या में मेस के बाहर इकट्ठा हो गईं और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साई छात्राओं ने मेस को बंद करते हुए उसके मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। छात्राओं का कहना है कि जब तक खाने की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया जाता और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि मेस के भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। उनका कहना है कि भोजन की जांच और साफ-सफाई के मानकों का ठीक से पालन नहीं किया जाता, जिसकी वजह से ऐसी गंभीर स्थिति पैदा हो गई है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें भोजन में कीड़े होने का दावा किया जा रहा है। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद छात्राओं का आक्रोश और बढ़ गया है। छात्राएं अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही हैं।
मामले के बढ़ते विवाद को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. सुरजन सिंह ने बताया कि छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और इस मामले को लेकर प्रबंधन स्तर पर बैठक चल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्राओं की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए उचित कदम उठाए जाएंगे।
गौरतलब है कि यह विश्वविद्यालय कलगीधर ट्रस्ट बड़ू साहिब द्वारा संचालित किया जाता है और इसे उत्तर भारत की प्रमुख गर्ल्स यूनिवर्सिटियों में गिना जाता है। यहां हिमाचल के अलावा देश के कई राज्यों से छात्राएं पढ़ाई करने आती हैं। ऐसे में मेस के खाने में कीड़े मिलने के आरोपों ने इस मामले को पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना दिया है।