पेट्रोलडीजल की कीमतों को लेकर चल रही अटकलों के बीच सरकार ने साफ किया है कि फिलहाल कीमत बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है. पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि मौजूदा समय में उपभोक्ताओं को राहत देने पर ध्यान है और कीमतों में बढ़ोतरी की कोई योजना नहीं है.

अभी नहीं बढ़ेगी पेट्रोल-डीजल की कीमतें, सरकार ने जारी किया बयान
अभी नहीं बढ़ेगी पेट्रोल-डीजल की कीमतें, सरकार ने जारी किया बयान

होरमुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही घटी

दूसरी ओर, वैश्विक हालात का असर समुद्री व्यापार पर भी साफ दिख रहा है. पोर्ट और शिपिंग से जुड़े अधिकारी मुकेश मंगल के मुताबिक, युद्ध शुरू होने के बाद से होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की संख्या में भारी गिरावट आई है. युद्ध से पहले जहां इस रूट पर करीब 138 जहाज रोजाना चलते थे, वहीं अब यह संख्या घटकर सिर्फ 67 रह गई है. यह गिरावट समुद्री ट्रैफिक में बड़ी कमी को दिखाती है और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन पर इसका असर पड़ सकता है.

भारतीय जहाजों की आवाजाही बंद

अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में इस रूट से कोई भी भारतीय ध्वज वाला कंटेनर जहाज नहीं गुजरा है. इससे साफ है कि सुरक्षा कारणों से भारतीय जहाज इस संवेदनशील मार्ग से दूरी बनाए हुए हैं.

विदेशी जहाजों का डेटा सीमित

विदेशी कंटेनर जहाजों की जानकारी को लेकर मंत्रालय ने कहा कि यह व्यावसायिक डेटा होता है, जिसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता. इसलिए सरकार के पास इस संबंध में पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं है.

भारतीय नाविक सुरक्षित

सरकार ने यह भी बताया कि मौजूदा हालात के बावजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और अब तक किसी तरह की दुर्घटना की कोई खबर नहीं है.

क्या आगे बढ़ेंगी कीमतें?

वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उतारचढ़ाव के बीच ईंधन कीमतों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. फिलहाल सरकार ने राहत दी है, लेकिन आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय हालात के आधार पर फैसले बदल सकते हैं.