इस समय उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। खासकर दोपहर के समय घर से बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं लगता। सूरज की तेज और चुभती किरणें न केवल हमारे शरीर पर असर डालती हैं, बल्कि आसपास की चीजों को भी प्रभावित करती हैं। ऐसे में घर की बालकनी या छत पर रखे पौधे भी इस गर्मी की मार से अछूते नहीं रहते। तेज धूप और लू के कारण मिट्टी जल्दी सूख जाती है, जिससे पौधों के मुरझाने और खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।

बालकनी में रखे पौधे तपती गर्मी में जल्दी सूख सकते हैं, इन आसान तरीकों से रखें हरा-भरा
बालकनी में रखे पौधे तपती गर्मी में जल्दी सूख सकते हैं, इन आसान तरीकों से रखें हरा-भरा

अगर आपने अपने घर में पौधे लगा रखे हैं, तो इस मौसम में उनकी खास देखभाल करना बेहद जरूरी हो जाता है। कुछ आसान तरीके हैं जिनकी मदद से आप अपने पौधों को तपती गर्मी से बचा सकते हैं और उन्हें हराभरा बनाए रख सकते हैं।

1 धूप से बचाएं
तेज धूप पौधों की पत्तियों को जला सकती है, जिसके चलते ये मुरझाने लगते हैं। ऐसे में पौधों को ऐसी जगह रखें जहां उन्हें हल्की धूप मिला या फिर शेड नेट, पर्दे या किसी कपड़े से छाया बना दें।

2 मल्चिंग का इस्तेमाल करें
गमले या मिट्टी की सतह पर सूखी पत्तियां, भूसा, घास या नारियल के छिलके जैसे प्राकृतिक चीजें बिछाने को मल्चिंग कहते हैं। इससे मिट्टी से पानी जल्दी नहीं निकलता और नमी लंबे समय तक बनी रहती है। पौधों की जड़ों को पर्याप्त नमी मिलती रहती है और वे तपती गर्मी में भी हरेभरे रहते हैं।

3 मिट्टी को ढीला रखें
समयसमय पर गमले या क्यारी की मिट्टी को हल्के हाथों से कुरेदकर ढीला करते रहें। इससे मिट्टी में हवा का सही संचार बना रहता है और पानी भी जड़ों तक आसानी से पहुंचता है। साथ ही पौधों की जड़ों को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती है, जिससे उनकी ग्रोथ बेहतर होती है और वे हरेभरे रहते हैं।

4 पानी देने का समय
गर्मी के मौसम में पौधों को पानी देने का सबसे अच्छा समय सुबह जल्दी या शाम का होता है। इस समय तापमान कम होने के कारण पानी तेजी से वाष्पित नहीं होता और पौधों को पर्याप्त नमी मिल जाती है। दोपहर में पानी देने से उसका अधिकतर हिस्सा जल्दी सूख जाता है, जिससे पौधों को पूरा लाभ नहीं मिल पाता।

5 स्प्रे करें
तेज गर्मी के दौरान पौधों की पत्तियों पर हल्के पानी का स्प्रे करने से उन्हें तुरंत ठंडक मिलती है और उनकी ताजगी बनी रहती है। इससे पत्तियों पर जमी धूल भी साफ हो जाती है और पौधा बेहतर तरीके से सांस ले पाता है। सुबह या शाम को पत्तियों पर स्प्रे करना बेहतर होता है।

6 खाद का रखें ध्यान
गर्मी के मौसम में खाद का भी ध्यान रखना जरूरी होता है। क्योंकि अधिक खाद देने से उनकी जड़ें प्रभावित हो सकती हैं और पौधे कमजोर पड़ सकते हैं। इसलिए हमेशा हल्की और ऑर्गेनिक खाद का सीमित मात्रा में ही उपयोग करना चाहिए। इससे पौधों को आवश्यक पोषण भी मिलता है और उनकी अच्छी ग्रोथ भी होती रहती है।

7 सूखी और खराब पत्तियों को तुरंत हटाएं
गर्मियों के मौसम में पौधों की पत्तियां जल्दी सूख जाती हैं और मुरझाने लगती हैं। अगर किसी भी पौधे की पत्ती सूखी हो, पीली या मुरझाई हुई है तो उसे तुरंत हटा दें। इससे पौधे पर अनावश्यक दबाव नहीं पड़ता और उसकी ऊर्जा नई पत्तियों व शाखाओं के विकास में लगती है।

ऐसे में इस भीषण गर्मी में आप इन आसान तरीकों की मदद से अपने मिनी गार्डन को हराभरा बनाए रख सकते हैं और पौधों को सूरज की तेज किरणों से नुकसान पहुंचाने से बचा सकते हैं।

डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।

Alos Read