महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को मुंबई पुलिस ने करीब सात घंटे तक हिरासत में रखने के बाद रिहा कर दिया. पुलिस के मुताबिक, वह अगस्त क्रांति मैदान में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जा रहे थे, लेकिन प्रदर्शन से पहले ही मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था. तुषार गांधी के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें सुबह करीब 11 बजे हिरासत में लेकर डी.एन. नगर पुलिस स्टेशन पहुंचाया. इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे मेडिकल जांच कराने के बहाने उन्हें पुलिस स्टेशन से बाहर निकाला गया और बोरीवली पुलिस स्टेशन ले जाया गया.

तुषार गांधी ने बताया कि जब उन्होंने पुलिस अधिकारी से पूछा कि उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय बोरीवली पुलिस स्टेशन क्यों लाया गया है, तो अधिकारी ने जवाब दिया कि डी.एन. नगर पुलिस स्टेशन में भीड़ बढ़ रही थी, इसलिए उन्हें बोरीवली स्थानांतरित किया गया.

घर से निकलते ही पुलिस ने हिरासत में लिया

दरअसल, दिल्ली के अलावा मुंबई में भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया था और महात्मा गांधी के परपोते और सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी ने भी इस प्रदर्शन का समर्थन किया था. इसी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए वह अपने घर से निकले थे, लेकिन उन्हें हिरासत में ले लिया गया था. कई घंटे हिरासत में रखने के बाद जब उन्हें रिहा किया गया तो उनकी पहली प्रतिक्रिया सामने आई. उन्होंने बताया कि पुलिस सुबह से ही उनका घर से पीछा कर रही थी. फिर जब वो अगस्त क्रांति मैदान जाने के लिए निकले, तो पुलिस ने उन्हें बांद्रा स्थित नेशनल कॉलेज से हिरासत में ले लिया.

पुलिस ने आदित्य ठाकरे से फोन पर कराई बात

उन्होंने बताया कि जब पुलिस को पता चला कि आदित्य ठाकरे उनसे मिलने आ रहे हैं, तो उन्हें मेडिकल चेकअप के बहाने बोरीवली पुलिस स्टेशन ले जाया गया. वहां पुलिस ने उन्हें बताया कि डीएन नगर पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन चल रहा है और आदित्य ठाकरे उनसे बात करना चाहते हैं. इसके बाद पुलिस ने उन्हें आदित्य ठाकरे से फोन पर बात करवाई और फिर घर जाने दिया. उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने उनका फोन फ्लाइट मोड पर डाल दिया था.

अभिजीत दिपके की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल

उन्होंने सीजेपी के अभिजीत दिपके और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अब तक हम मुख्य निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे, लेकिन अब यह मामला और आगे बढ़ गया है. अब यह मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह तक पहुंच गया है.

एक्टर इमरान खान को भी हिरासत में लिया गया

मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के दौरान करीब 400 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें तुषार गांधी के अलावा अभिनेता इमरान खान भी शामिल थे. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बहुत ही क्रूरतापूर्वक हिरासत में लिया.