अमेरिका में ट्रंप विरोधी बयानों और विवादित सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर सुर्खियों में रहने वाली ‘मिनोक्वा ब्रूइंग कंपनी’ को बड़ा झटका लगा है. विस्कॉन्सिन राज्य प्रशासन ने कंपनी का लाइसेंस रद्द कर दिया है. राज्य के राजस्व विभाग ने आदेश जारी किया है, जो 4 अगस्त से लागू होगा. हालांकि, ब्रूअरी के मालिक कर्क बैंगस्टैड ने इस कार्रवाई को तानाशाही बताते हुए आखिरी सांस तक कानूनी लड़ाई लड़ने की कसम खाई है. ‘मिलवॉकी जर्नल सेंटिनल’ की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य प्रशासन ने यह सख्त कदम गैरकानूनी तरीके से बीयर सप्लाई करने और टैक्स न चुकाने के कारण उठाया है.

दरअसल, जून महीने में कंपनी के ठिकानों पर की गई छापेमारी में कैन बीयर की बड़ी खेप जब्त की गई थी. आरोप है कि कंपनी के मालिक राज्य से बिना जरूरी परमिट और टैक्स चुकाए बीयर लाकर विस्कॉन्सिन में बेच रहे थे. राजस्व विभाग के प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि कंपनी के दो आउटलेट्स के ‘ब्रूअर परमिट’ और एक ठिकाने के ‘अल्कोहल वेयरहाउस परमिट’ को निरस्त कर दिया गया है.

मालिक ने किया कोर्ट जाने का ऐलान
कार्रवाई के फैसले से नाराज मालिक कर्क बैंगस्टैड ने अपने समर्थकों को एक पत्र लिखा. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। उन्होंने कहा कि वह इस अन्याय के आगे झुकने वाले नहीं हैं. ये समाचार आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। बैंगस्टैड ने लिखा, ‘हम विस्कॉन्सिन राज्य के खिलाफ हर स्तर पर कानूनी लड़ाई लड़ेंगे. जब तक मैं अपने टैपरूम से ग्राहकों को बीयर पिलाना बंद नहीं करता, उन्हें मुझे जबरन घसीटकर बाहर निकालना पड़ेगा.’ कानूनी जंग के लिए चंदा मांगते हुए उन्होंने बताया कि अदालत का दरवाजा खटखटाने से पहले ही उन्हें 1 लाख डॉलर का कानूनी खर्च उठाना पड़ रहा है, जिसके लिए उन्होंने अपने समर्थकों से ‘लीगल डिफेंस फंड’ में मदद की अपील की है.

‘ट्रंप की मौत पर फ्री बीयर’ और बंदूकबाज वाला विवादित पोस्ट
अल्कोहल परमिट रद्द होने की इस कार्रवाई को बैंगस्टैड की राजनीतिक गतिविधियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है. कंपनी अपने कट्टर ट्रंपविरोधी रुख के लिए जानी जाती है. इस साल जनवरी में ब्रूअरी ने सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौत वाले दिन लोगों को ‘पूरे दिन मुफ्त बीयर’ बांटी जाएगी.

इसके बाद अप्रैल में ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर’ के बाहर हुई गोलीबारी की घटना के बाद कंपनी के आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा गया था कि ‘लगभग #FreeBeerDay का दिन आ ही गया था. विरोध करने वाले किसी साथी को अपना निशाना बेहतर करने की जरूरत है, या फिर ट्रंप ने हेडलाइन्स में बने रहने के लिए एक और हमले का नाटक रचा है.’

इस पोस्ट के बाद अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई ने भी बैंगस्टैड से लंबी पूछताछ की थी. फिलहाल, 4 अगस्त तक बैंगस्टैड के पास राजस्व विभाग के सचिव के समक्ष अपील दाखिल करने का समय है.