हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस ने एक ऐसे आईटी इंजीनियर को गिरफ्तार किया है, जिस पर नकली नोट छापने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, आरोपी नोएडा की एक आईटी कंपनी में कार्यरत है और उसका सालाना पैकेज करीब 34 लाख रुपये है. इसके बावजूद उसने कथित तौर पर नकली नोट तैयार करने का रास्ता चुना. मामले का खुलासा तब हुआ, जब आरोपी होटल का कमरा बाहर से बंद कर गायब हो गया और कर्मचारियों को उस पर शक हुआ.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फरीदाबाद के एक होटल में दो दिनों तक कमरा किराए पर लिया था. इसी दौरान उसने कमरे के अंदर कथित तौर पर नकली नोट तैयार किए. जब वह होटल से बिना औपचारिक चेकआउट किए कमरे को बाहर से ताला लगाकर चला गया, तो होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ. उन्होंने इसकी सूचना सरूरपुर थाना पुलिस को दी.

500 रुपए के नकली नोट बरामद

फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सरूरपुर थाना पुलिस ने होटल के कमरा नंबर 404B को खुलवाया कमरे से एक लैपटॉप, प्रिंटर विशेष कागज 500 रुपए के नकली नोट और 100 के 10 नकली नोट बरामद किए गए. होटल में जमा कराई गई आईडी के आधार पर आरोपी की पहचान विनायक झा के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर उसकी गिरफ्तारी की है.

आरोपी का सालाना पैकेज 34 लाख रुपए

जांच में सामने आया है कि आरोपी नोएडा की एक आईटी कंपनी में इंजीनियर है और उसका सालाना पैकेज करीब 34 लाख रुपए है. उसके पिता सरकारी विभाग में कार्यरत हैं, जबकि मां भी सरकारी सेवा में उच्च पद पर हैं. आरोपी ने बेंगलुरु के एक प्रतिष्ठ संस्था से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पुलिस ने उसके कब्जे से लैपटॉपप्रिंटर और अन्य उपकरण बरामद किए हैं, जिनकी अब फोरेंसिक जांच कराई जाएगी. जिससे यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी पहले भी नकली नोट तैयार कर चुका है या नहीं. साथ ही इस पूरे नेटवर्क में और कौनकौन लोग शामिल है, इसकी भी जांच की जा रही है. होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.