हिमाचली खबर: उत्तर प्रदेश के चंदौली में हुए जोगियाकला हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने महज 36 घंटे में आरोपी के बारे में खुलासा करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. मामला चंदौली में चकिया थाना क्षेत्र के जोगियाकला गांव का है. 5 जून की रात हुई हत्या के मामले में पुलिस ने गांव के ही सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार कुल्हाड़ी बरामद कर ली है.

पुलिस के अनुसार, 5 और 6 जून की मध्यरात्रि जोगियाकला निवासी बेचई उर्फ बृजेश यादव अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे. इसी दौरान उनकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. मामले में चकिया थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मृतक की पत्नी से करता था प्रेम
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी और आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध थे. इस बात को लेकर पतिपत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. पुलिस के मुताबिक, घटना से कुछ दिन पहले हुए विवाद के बाद मृतक की पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई थी.
आरोप है कि इसके बाद मृतक गांव में आरोपी और उसके कथित संबंधों को लेकर खुलकर विरोध करने लगा था. पुलिस के अनुसार, आगामी प्रधानी चुनाव की तैयारी कर रहे आरोपी ने इसे अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा से जोड़ लिया और बदला लेने की योजना बना डाली.
हत्या से पहले मुंह डाला था कपड़ा
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी अहरौरा जाकर एक लोहार की दुकान से कुल्हाड़ी खरीदकर लाया था. देर रात वह चोरीछिपे मृतक के घर पहुंचा और चारपाई पर सो रहे बृजेश यादव पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. वार इतना घातक था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शोर न मच सके, इसके लिए मृतक के मुंह में गमछे का टुकड़ा भी ठूंस दिया था.
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कुल्हाड़ी को अपने खेत में छिपाकर वापस चला गया. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोकरम बंधी के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली. उसकी निशानदेही पर खेत से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई.
इस पूरे मामले के खुलासे में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, चौकी प्रभारी शिकारगंज अमित कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी सैदूपुर अनिल कुमार पांडे सहित चकिया पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.



