
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एरोड्रम थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद पोती ने अपने दादा की क्रिकेट बैट से हमला कर हत्या कर दी। वारदात देर रात करीब सवा दो बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी पोती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में पुरानी घटना को लेकर आरोपी की नाराजगी सामने आई है।
पोती अपने माता-पिता के साथ रहती थी
मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र की स्कीम नंबर 155 का है, जहां देर रात करीब सवा दो बजे एक युवती ने अपने दादा पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक अपनी पत्नी के साथ स्कीम नंबर 155 में रहते थे, जबकि उनकी पोती महालक्ष्मी नगर में अपने माता-पिता के साथ रहती थी।
आरोपी युवती बुलेट से पहुंची दादा के घर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवती बुलेट से दादा के घर पहुंची। उस वक्त दादा-दादी घर में सो रहे थे। आरोप है कि घर में प्रवेश करने के बाद युवती ने सो रहे दादा पर क्रिकेट बैट से कई वार किए। शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर किए गए हमले में दादा गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
दादा ने पूर्व में उसके साथ किया था गलत व्यवहार
पुलिस ने आरोपी पोती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में करीब सात से आठ साल पुरानी घटना का भी जिक्र सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आरोप है कि दादा ने पूर्व में उसके साथ गलत व्यवहार किया था, इसके चलते वह लंबे समय से नाराज थी।
पुलिस ने शुरू की हत्या की जांच
बताया जा रहा है कि वारदात से पहले महालक्ष्मी नगर में आरोपी का अपने माता-पिता से भी विवाद हुआ था। इसके बाद गुस्से में वह दादा के घर पहुंची और हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और हत्या की वजह की जांच कर रही है। एक पोती ने अपने ही दादा की जान ले ली। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।



