
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन के बीच एक बार फिर तनाव का माहौल देखने को मिला। बुधवार रात कनॉट प्लेस के टॉलस्टॉय मार्ग के पास कुछ शरारती तत्वों ने पुलिस पर पत्थरों और बोतलों से हमला कर दिया, जिसमें ACP कनॉट प्लेस विवेक भगत घायल हो गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि दिल्ली पुलिस ने हालात पर जल्द काबू पा लिया। इसके बाद जंतर-मंतर समेत संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
पथराव के बाद सुरक्षा का कड़ा पहरा
दिल्ली पुलिस के अनुसार, घायल ACP विवेक भगत को तुरंत राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि कुछ मिनटों तक स्थिति तनावपूर्ण रही, लेकिन फिलहाल शांति बनी हुई है। ये समाचार आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। एहतियात के तौर पर जंतर-मंतर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे इलाके की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
CJP की शांति बनाए रखने की अपील
इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि उनकी सोनम वांगचुक से कई बार बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि वांगचुक ने सभी प्रदर्शनकारियों से आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण रखने और किसी भी उकसावे में न आने की अपील की है। दास ने आरोप लगाया कि पहले भी कई आंदोलनों में असामाजिक तत्वों की घुसपैठ कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई थी, इसलिए इस बार सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।
नड्डा पर निशाना, इस्तीफे की मांग बरकरार
सौरव दास ने केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि 30 दिनों से अधिक समय से लोग अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं, ऐसे में उनकी आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। उन्होंने दोहराया कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर कोई समझौता नहीं होगा और जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
शांति के साथ आंदोलन जारी रखने पर जोर
तनावपूर्ण घटनाक्रम के बावजूद CJP ने साफ किया कि उसका आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा। संगठन ने प्रदर्शनकारियों से संयम बनाए रखने, कानून का सम्मान करने और किसी भी भड़कावे या अफवाह से दूर रहने की अपील की। वहीं, दिल्ली पुलिस ने भी लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।



