जनसत्ता दल के अध्यक्ष और कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी गई है. उनपर अभद्र भाषा पर कई टिप्पणियां भी की गई हैं. रघुराज प्रताफ उर्फ राजा भैया को मिली धमकी की जानकारी पुलिस की तरफ से दी गई है. पुलिस के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते के दौरान इंस्टाग्राम और फेसबुक के तीन अलगअलग अकाउंट्स के जरिए ये धमकियां दी गई है. इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.

गोपीगंज के स्टेशन हाउस ऑफिसर सच्चिदानंद पांडे ने बताया कि अलगअलग अकाउंट्स से रघुराज प्रताप सिंह को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियां और धमकी भरे संदेश पोस्ट किए गए थे.
जिला अध्यक्ष ने दर्ज कराई शिकायत
जनसत्ता दल के भदोही जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बुधवार शाम को इस मामले में शिकायत दर्ज कराई. पांडे ने बताया कि धमकी भरे मैसेजेस की फोटोकॉपी भी पुलिस को सौंपी गई हैं. शिकायत के मुताबिक, ये धमकियां 23 अक्टूबर से सोशल मीडिया पर आ रही थीं. पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस ने इस मामले सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत मुकदमा दर्ज किया है. इन धाराओं के तहत दोषी पाए जाने पर जेल और भारी जुर्माने का प्रावधान है.
कौन हैं राजा भैया?
राजा भैया उत्तर प्रदेश की राजनीति के एक बेहद रसूखदार और चर्चित चेहरे हैं. वह प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा सीट से लगातार रिकॉर्ड सात बार से विधायक हैं. पहले वे निर्दलीय चुनाव लड़ते थे, लेकिन बाद में उन्होंने अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी जनसत्ता दल का गठन किया. वह यूपी सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं.



