रोपड़/ऊना। हिमाचल और पंजाब सीमा पर आज गुरुवार दोपहर को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। हादसा इतना भयंकर था कि उसे देख कर लोगों की रूह कांप गई। दरअसल रेत से भरा एक टिप्पर अचानक बेकाबू हो गया और एक के बाद एक पांच गाड़ियों को रौंदता हुआ चला गया।

इसके बाद यह टिप्पर एक कार के ऊपर जा पलटा। कार में तीन लोग सवार थे। टिप्पर के पलटने से कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और उसमें बैठे तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा मनाली कीरतपुर नेशनल हाइवे पर रोपड़ के पास हुआ है। हादसे की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि कार में फंसे शवों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी।
चढ़ाई पर अचानक बेकाबू हुआ टिप्पर
जानकारी के अनुसार यह भीषण हादसा गुरुवार दोपहर करीब दो बजे पंजाब के रोपड़ जिले में भरतगढ़ के पास सरसा नंगल में हुआ। यहां मनाली-कीरतपुर नेशनल हाईवे पर चढ़ाई के दौरान रेत से भरा एक टिप्पर अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। बताया जा रहा है कि टिप्पर श्री आनंदपुर साहिब से रोपड़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चढ़ाई पर वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने चल रही गाड़ियों को अपनी चपेट में लेने लगा। देखते ही देखते पांच वाहनों को टक्कर मारने के बाद टिप्पर एक बलेनो कार के ऊपर पलट गया।
टिप्पर के नीचे दबकर पिचकी कार, तीन लोगों की दर्दनाक मौत
हादसे का सबसे भयावह मंजर उस समय देखने को मिला, जब रेत से लदा भारी टिप्पर सीधे बलेनो कार के ऊपर पलट गया। टिप्पर के भारी वजन के कारण कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पिचक गई। कार में सवार तीनों लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए और इस दर्दनाक हादसे में उनकी जान चली गई। बताया जा रहा है कि बलेनो में सवार लोग मनाली की ओर से अपने घर लौट रहे थे। हालांकि, मृतकों की पहचान और अन्य विवरणों का इंतजार है।
जेसीबी से निकाली गई कार, हाईवे पर मचा हड़कंप
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टिप्पर के नीचे बुरी तरह दबी कार को निकालने के लिए जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात भी प्रभावित हुआ। हादसे में अन्य दो से तीन वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
आनंदपुर साहिब से रोपड़ जा रहा था टिप्पर
थाना कीरतपुर साहिब के एएसआई गुरमीत सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि रेत से भरा टिप्पर श्री आनंदपुर साहिब से रोपड़ की ओर जा रहा था। भरतगढ़ के पास चढ़ाई पर टिप्पर अनियंत्रित हो गया और कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद कार पर पलट गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
ओवरलोड टिप्परों की आवाजाही पर उठे सवाल
इस भीषण हादसे के बाद क्षेत्र में ओवरलोड टिप्परों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। पंजाब मोर्चा के कन्वीनर और रूपनगर के नेता गौरव राणा ने कहा कि इलाके में ओवरलोड टिप्परों की आवाजाही लंबे समय से आम लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में खनन और खनन सामग्री की ढुलाई पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण हजारों टिप्पर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। गौरव राणा ने इस हादसे को महज दुर्घटना नहीं, बल्कि व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई है।



