
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन और राहुल गांधी-अखिलेश यादव के रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अब समझ आ गया है कि यूपी में सपा की सरकार नहीं आने वाली है, इसलिए वह किनारा करने लगे हैं।
ओम प्रकाश राजभर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव, दोनों की तरफ से जो बयानबाजी हो रही है, उससे राहुल गांधी को पता चल गया है कि समाजवादी पार्टी की सरकार नहीं आनी है तो वह उनसे किनारा कसने लगे हैं।
अब वे अगले जन्म की तैयारी करें- राजभर
ओपी राजभर ने आगे कहा कि राहुल गांधी को लग रहा है कि यूपी में सपा के हारने से उनकी भी बदनामी होगी। उन दोनों के यूपी में सरकार बनाने का जो सपना है, वह खत्म है। अब वे अगले जन्म की तैयारी करें। 27 में नहीं, बल्कि अगली पैदाइश में। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव ने धैर्य, अनुशासन और एक्शन की बात की है तो अपनी पार्टी की सत्ता में जिन्हें आपराधिक संस्कृति में ढाल दिया, चोरी, छिनैती और डकैती के कल्चर को बढ़ावा दिया।
‘सपा काल में अपराधियों पर कोई एक्शन नहीं’
सपा के कार्यकाल में अपराधियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। पहले वह अपने लोगों को सिखाएं, दूसरे को क्या बता रहे हैं? राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। वे रोज ऐसी बात बोलते हैं, जो मजाक बन जाता है। जिस पीडीए की शुरुआत में उन्होंने चर्चा की, अब उसे बदलते-बदलते वह कहां तक चले गए? उनकी रोज परिभाषा बदल रही है। कोई मानने को तैयार नहीं है।
‘अगर सपा से बागी हुआ तो राजनीति से संन्यास ले लूंगा’, ओपी राजभर के दावे पर सनातन पांडेय का पलटवार
‘मुस्लिम महिलाओं से राखी बंधवा रहें अखिलेश’
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ने आगे कहा कि अब वे जान चुके हैं कि उन्हें सरकार में नहीं आना है। वे मुस्लिम महिलाओं से राखी बंधवा रहे हैं। 11,000 रुपये देने का वादा किया, लेकिन 1,100 ही दिया। उसमें भी घोटाला कर रहे हैं। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव खुद ही अपने पीडीए से घबरा रहे हैं।



