Bhopal five family members death: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को एक ही परिवार के चार लोगों की एक युवक ने बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी. फिर वारदात को अंजाम देने के बाद खुद ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

शहर के छोला मंदिर थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी स्थित एक घर में चार लोगों के शव मिले हैं. मृतकों में दो मासूम बच्चे, उनकी मां और बुजुर्ग दादी शामिल हैं. वहीं, परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला है. पुलिस की शुरुआती जांच में पता है कि नरेंद्र ने पहले अपने परिवार के चार सदस्यों की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने आकर जान दे दी.

इस घटना में नरेंद्र साहू की पत्नी सोमलता साहू , मां सरस्वती साहू , बेटी कृति साहू और बेटा खुश साहू की मौत हुई है. एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचने लगे.

घर में मिले पत्नी, मां और दो बच्चों के शव

पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. कमरों के अंदर खून के निशान मिले हैं. चारों लोगों का गला रेता गया था. इधर, परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस उसके भी शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

कर्ज में डूबा था नरेंद्र साहू

भोपाल में पत्नी, मां और दो बच्चों की हत्या के बाद खुदकुशी करने वाले नरेंद्र साहू के मामले में आर्थिक तंगी की बात सामने आ रही है. नरेंद्र कैटरिंग का कारोबार करता था. उसका एक रेस्टोरेंट भी था, लेकिन कुछ समय पहले वह बंद हो गया था. परिजनों के मुताबिक, नरेंद्र पर काफी कर्ज था. परिवार पिछले करीब 15 दिनों से परेशान चल रहा था.

गहरी नींद में सो रहे परिवार की गला रेतकर हत्या

बताया जा रहा है कि उसने किसी से पैसे उधार लिए थे. हालांकि, कर्ज किससे लिया था और उसकी वजह से उस पर कितना दबाव था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, नरेंद्र साहू ने कथित तौर पर रात में गहरी नींद में सो रहे अपने परिवार के सदस्यों की गला रेतकर हत्या की. मृतकों के गले पर चाकू से वार किए जाने की बात सामने आई है.