सुपौल में बगैर लाइसेंस संचालित हो रही दवा दुकान पर छापेमारी, 49 प्रकार की दवाएं जब्त

सुपौल: सुपौल सदर थाना क्षेत्र में बिना लाइसेंस अवैध रूप से संचालित दवा दुकानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. इसी क्रम में बुधवार को कोसी बांध क्षेत्र के पिपराखुर्द वार्ड संख्या 4 स्थित अनिल कुमार साह के नाम से संचालित एक फर्जी दवा दुकान पर मेडिकल टीम ने छापेमारी की. यह कार्रवाई स्थानीय स्तर पर प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई.

सदर प्रखंड के औषधि निरीक्षक निर्भय कुमार गुप्ता एवं त्रिवेणीगंज के ड्रग इंस्पेक्टर (डीआई) सरफराज आलम ने बताया कि फर्जी तरीके से दवा दुकान संचालन की सूचना मिलने के बाद सहायक औषधि नियंत्रक के निर्देश पर पांच सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान के दस्तावेजों और दवाओं की जांच की. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। जांच के दौरान दुकान संचालक वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका.

छापेमारी के दौरान कुल 49 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं. साथ ही तीन प्रकार की औषधियां संदिग्ध पाई गईं, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण एवं रासायनिक विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित धाराओं के तहत आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से संचालित दवा दुकानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. बिना लाइसेंस दवा बिक्री को जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध दवा दुकान या गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें.

जांच टीम में सुपौल अनुमंडल से दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त सुपौल अंचलाधिकारी (सीओ) संदीप कुमार, ड्रग इंस्पेक्टर सरफराज आलम, निर्भय कुमार गुप्ता, पूजा कुमारी एवं सुरेंद्र राम शामिल थे. प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की गई.

Leave a Reply