शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला शिमला में पुलिस ने एक साथ तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 8.1 किलो चरस और 1 लाख नकद बरामद किए हैं। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। 

खुफिया सूचना पर तीन घरों में एक साथ छापेमारी

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार तड़के पुलिस को मिली गुप्त सूचनाओं के आधार पर बहानी गांव में तीन अलग-अलग जगहों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने तीन घरों की तलाशी ली। पहले ठिकाने पर श्याम सिंह पुत्र स्वर्गीय हीरा सिंह के घर से 1.7 किलोग्राम चरस बरामद हुई। वहीं, दूसरे ठिकाने पर लक्ष्मी नंद पुत्र स्वर्गीय हेत राम के घर की तलाशी लेने पर करीब 900 ग्राम चरस मिली।

 

 

इसके अलावा तीसरे ठिकाने पर हरि वल्लभ पुत्र स्वर्गीय दिला राम के घर से पुलिस को 5.5 किलोग्राम चरस मिली। यहां से 1 लाख 5 हजार 690 रुपये नकद और एक वजन करने वाली मशीन भी बरामद की गई। पुलिस ने तीनों जगहों से कुल 8.1 किलोग्राम चरस बरामद की है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट में केस दर्ज

पुलिस ने चरस बरामद होने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ पुलिस थाना ठियोग में NDPS एक्ट की धारा 20 के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन मामलों को अभियोग संख्या 179/26, 180/26 और 181/26 के तहत 22 नवंबर 2026 को दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है और नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

 

SSP बोले- नशे के कारोबार में शामिल लोगों को नहीं बख्शा जाएगा

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर लगातार नजर रख रही है। इसके लिए खुफिया सूचनाएं जुटाई जा रही हैं और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

2026 में टूटा पिछले सालों का रिकॉर्ड

शिमला पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2026 में अब तक कमर्शियल मात्रा में नशा तस्करी के 27 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं, साल 2025 में ऐसे 6 मामले, 2024 में 14 और 2023 में 6 मामले सामने आए थे। यानी साल 2023 से 2025 तक तीन वर्षों में कुल 26 मामले दर्ज हुए थे, जबकि अकेले साल 2026 में ही यह आंकड़ा 27 पहुंच गया है।

 

बड़े नशा तस्करों और उनके नेटवर्क पर पुलिस की नजर

पुलिस का कहना है कि साल 2026 में नशे के खिलाफ कार्रवाई की रणनीति में बदलाव किया गया है। अब छोटे मामलों के साथ-साथ बड़े नशा तस्करों और उनके पूरे नेटवर्क पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि बड़े तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई करने से युवाओं तक चिट्टे की सप्लाई रोकने और नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने में मदद मिल रही है। शिमला पुलिस ने साफ किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।