Auraiya News: औरैया के 30 वर्षीय रीना राजपूत और 75 वर्षीय रामसुघर की बेमेल सगाई के हाईवोल्टेज ड्रामा में अब हर रोज नए राज खुल रहे हैं. इंटरनेट पर रातोरात सनसनी बने इस अजीबोगरीब मामले में अब इंस्टाग्राम फॉलोअर्स , पब्लिसिटी स्टंट और कथित ‘गुमशुदा’ पति की वापसी का एक ऐसा तानाबाना सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया यूजर्स को भी उलझा कर रख दिया है. आइए जानते हैं कि आखिर इस पूरी कहानी की शुरुआत कैसे हुई, इसमें स्क्रिप्टेड ड्रामे का एंगल कहां से आया और अब इस मामले ने क्या नया मोड़ लिया है.

इस पूरे विवाद की नींव 14 अक्टूबर को पड़ी, जब सोशल मीडिया पर 45 साल के विशाल उम्रअंतर वाले जोड़े की सगाई की तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए. 30 साल की रीना राजपूत और 75 साल के रामसुघर की सगाई एवं हल्दी की रस्मों के वीडियो इंटरनेट पर छा गए. रामसुघर की पत्नी का 7 साल पहले निधन हो चुका था. उनकी बेटी राधा यूट्यूब पर वीडियो बनाती है. रीना का राधा के घर आनाजाना था, जहां रामसुघर से उसकी मुलाकातें हुईं. शुरुआत में रामसुघर ने मीडिया में बयान दिया कि दोनों की आपसी रजामंदी से यह रिश्ता आगे बढ़ रहा है और जल्द ही शादी होगी.
‘सब ड्रामा था, फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए बनाई गई स्क्रिप्ट’
सगाई की खबरें आग की तरह फैलने के बाद रामसुघर का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया, जिसने कहानी को पूरी तरह पलट दिया. रामसुघर ने सार्वजनिक रूप से बयान देकर सगाई को एक नाटक और स्क्रिप्टेड ड्रामा करार दिया. 75 वर्षीय बुजुर्ग ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए उनकी बेटी राधा के कहने पर यह फर्जी सगाई का वीडियो बनाया गया था. अपनी गिरती सेहत का हवाला देते हुए बुजुर्ग ने कहा कि उनके पैर काम नहीं करते, वो बीमार रहते हैं और उनका रीना के साथ कोई प्रेम संबंध नहीं है.
दूसरा ट्विस्ट: रीना का गाना और ‘पति की वापसी’ से शादी कैंसिल का दावा
बुजुर्ग के बयान के बाद रीना राजपूत का रुख भी तेजी से बदला. रीना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह फिल्मी गाने “शादीवादी के चक्कर में मुझे नहीं पड़ना” पर रील बनाती दिखीं. इसके तुरंत बाद रीना ने एक नया वीडियो जारी कर दावा किया कि उनका ‘लापता’ पति सगाई का वायरल वीडियो देखकर वापस घर लौट आया है.
रीना ने कहा कि उनका पति से तलाक नहीं हुआ था. अब उनका बिखरा हुआ परिवार पूरा हो गया है, इसलिए रामसुघर संग सगाई रद्द की जाती है. उसने राधा से अपील की कि वह अब उनके ऊपर कोई ब्लॉग न बनाए.
क्या फॉलोअर्स का खेल था? रीना के इंस्टा बायो ने खड़े किए सवाल
अब जनता के मन में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या यह सब सिर्फ सोशल मीडिया रीच और इंस्टाग्राम फॉलोअर्स बढ़ाने का एक सोचीसमझी साजिश थी? रीना के इंस्टाग्राम अकाउंट पर फॉलोअर्स की संख्या 14,600 पार कर चुकी है. अकाउंट के बायो/कैप्शन में लिखा गया है “मेरे पति आ गए हैं. बहुतबहुत धन्यवाद समर्थन के लिए.”
नेटिजन्स अब सवाल उठा रहे हैं कि क्या सगाई से लेकर पति के लौटने तक का पूरा मामला सिर्फ पब्लिसिटी पाने और फॉलोअर्स बटोरने का एक नया तरीका था? हालांकि, इस नए मोड़ पर रामसुघर या उनकी बेटी राधा की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.



