धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में अपने हक और लंबित वित्तीय देनदारियों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे पेंशनरों के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद विवाद और गहरा गया है। विधानसभा शीतकालीन सत्र के दौरान प्रदर्शन करने पहुंचे पेंशनर अब सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ खुलकर सामने आ गए हैं। पेंशनरों ने साफ शब्दों में कहा है कि मुकदमे दर्ज करके उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने सुक्खू सरकार को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि आंदोलनकारी पदाधिकारियों के खिलाफ दर्ज FIR वापस नहीं ली गई तो पेंशनर सचिवालय का घेराव करेंगे।

FIR के बाद और तेज हुआ पेंशनरों का आक्रोश

पेंशनरों की नाराजगी की वजह 19 नवंबर को धर्मशाला में हुआ प्रदर्शन है। समिति की ओर से दाड़ी मेला मैदान में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया था। सम्मेलन के बाद पेंशनर अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाने के लिए विधानसभा की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें शीला चौक पर रोक दिया। इस दौरान रास्ता बाधित होने और जाम लगने के आरोप में पेंशनर संगठनों के आठ पदाधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। अब इसी कार्रवाई को लेकर पेंशनर संगठनों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

 

‘हम खैरात नहीं, अपना हक मांग रहे हैं

हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने कहा कि पेंशनर सरकार से कोई आर्थिक मदद या खैरात नहीं मांग रहे, बल्कि वर्षों की सेवा के बाद मिलने वाले अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सरकार और प्रशासन उनकी समस्याएं सुनने के बजाय आंदोलन को रोकने के लिए कानूनी कार्रवाई का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि FIR दर्ज होने से पेंशनरों का आंदोलन खत्म नहीं होगा, बल्कि इससे उनकी नाराजगी और बढ़ी है।

15 दिन पहले दी थी सम्मेलन की सूचना

सुरेश ठाकुर के मुताबिक, संगठन ने 12 से 18 नवंबर तक प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किए थे। इसके बाद 19 नवंबर को धर्मशाला में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन करने की सूचना सरकार को करीब 15 दिन पहले दे दी गई थी। समिति का कहना है कि जब कार्यक्रम की जानकारी पहले ही प्रशासन को दे दी गई थी, तो पेंशनरों को अपनी मांगें रखने के लिए विधानसभा की ओर जाने से क्यों रोका गया? संगठन ने इस पूरे घटनाक्रम और FIR दर्ज करने की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

 

8 हजार करोड़ की देनदारियां

पेंशनरों का कहना है कि प्रदेश में उनकी करीब 8 हजार करोड़ रुपये की देनदारियां लंबित हैं। समिति के अनुसार, विशेष रूप से 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को संशोधित कम्यूटेशन, लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी और वेतन एरियर का भुगतान नहीं हुआ है। सुरेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भुगतान किया जा रहा है, जबकि उससे पहले रिटायर हुए पेंशनरों को इंतजार करना पड़ रहा है। समिति इसे पेंशनरों के साथ भेदभाव बता रही है।

मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे प्रतिनिधि, रात नौ बजे तक करते रहे इंतजार

समिति अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री से बातचीत के लिए संगठन से 30 प्रतिनिधियों की सूची मांगी गई थी। इसके बाद 10 सदस्य वार्ता के लिए विधानसभा पहुंचे। सुरेश ठाकुर का दावा है कि प्रतिनिधि मुख्यमंत्री से अपनी मांगों पर चर्चा करना चाहते थे, लेकिन उनके वहां पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री विधानसभा से चले गए। उन्होंने कहा कि पेंशनर रात करीब नौ बजे तक बातचीत की उम्मीद में विधानसभा के बाहर बैठे रहे, लेकिन उनकी समस्याओं पर कोई ठोस चर्चा नहीं हो सकी।

 

सरकार के वित्तीय संकट के तर्क पर भी उठाए सवाल

पेंशनर नेताओं ने सरकार की ओर से आर्थिक संकट का हवाला दिए जाने पर भी सवाल खड़े किए हैं। सुरेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि एक तरफ पेंशनरों की लंबित देनदारियों के भुगतान के लिए बजट की कमी बताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर सलाहकारों और विभिन्न निगमों-बोर्डों के अध्यक्षों को कैबिनेट रैंक, सरकारी आवास और वाहनों जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने पूछा कि जब वर्षों तक सरकारी सेवा देने वाले पेंशनरों को उनका बकाया नहीं मिल रहा, तो सरकार दूसरी सुविधाओं पर खर्च कैसे कर रही है?

सरकार के चार साल पूरे होने के जश्न पर भी निशाना

समिति ने 11 दिसंबर को सरकार के चार साल पूरे होने पर प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी सवाल उठाए। सुरेश ठाकुर का कहना है कि प्रदेश में कर्मचारी, पेंशनर, महिलाएं और बेरोजगार अपनी-अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को पहले जनता और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि लंबित मांगों के बीच सरकार किस उपलब्धि का जश्न मनाने जा रही है।

 

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा संघर्ष

सुरेश ठाकुर ने पेंशनर आंदोलन को किसी राजनीतिक दल से जोड़ने के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति गैर-राजनीतिक संगठन है और प्रदेश के करीब 1.85 लाख पेंशनर इससे जुड़े हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य पेंशनरों के अधिकारों और लंबित भुगतान के मुद्दों को उठाना है।

सचिवालय घेराव की चेतावनी

पेंशनर संगठनों ने साफ कर दिया है कि FIR वापस लेने और लंबित मांगों पर बातचीत के बिना आंदोलन थमने वाला नहीं है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने दर्ज मुकदमों को वापस नहीं लिया तो पेंशनर सचिवालय का घेराव करेंगे और आंदोलन को प्रदेश स्तर पर तेज किया जाएगा। संगठन ने यह भी कहा कि पेंशनर कानूनी कार्रवाई से डरकर पीछे हटने वाले नहीं हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में भी अपने मुद्दों को उठाएंगे।