सुपौल में एसएसबी ने की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर व नेपाली शराब के साथ दो तस्कर चढ़ा हत्थे

 

सुपौल : भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल एसएसबी की 45 वीं वाहिनी ने मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. अलग-अलग अभियानों में 42 ग्राम ब्राउन शुगर और करीब 209 लीटर नेपाली शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.

प्राप्त जानकारी अनुसार एसएसबी वीरपुर की सीमा चौकी रिफ्यूजी कालोनी ने बिहार पुलिस के थाना बसमतिया के साथ संयुक्त रूप से विशेष ड्यूटी के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया. यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 199/05 से लगभग 100 मीटर भारतीय क्षेत्र में की गई.

कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी. सूचना की पुष्टि के बाद संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर निगरानी शुरू की. इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को भारत से नेपाल की ओर जाते हुए पकड़ा गया. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रबी राम बिश्वकर्मा, निवासी सिंधुली (नेपाल) बताया.

तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक थैली में रखी 42 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी और जब्त नशीला पदार्थ थाना बसमतिया को सौंप दिया गया. इसी क्रम में सीमा चौकी नरपतपट्टी द्वारा ड्यूटी के दौरान 120 लीटर नेपाली शराब जब्त की गई.

जिसे कानूनी कार्रवाई के बाद एक्साइज विभाग, सिमराही को सुपुर्द किया गया. सीमा चौकी नियोर की टीम ने 89.1 लीटर नेपाली शराब बरामद करते हुए एक अन्य तस्कर को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम चंचल कुमार, निवासी ग्राम नियोर, जिला मधुबनी बताया. आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद थाना आंध्रमठ को सौंप दिया गया. इस संयुक्त अभियान में एसएसबी के सहायक कमांडेंट जगत्तर सिंह, सहायक उप निरीक्षक बबलू कुमार, सहायक उप निरीक्षक भारत भूषण तथा बिहार पुलिस के उप निरीक्षक अमित कुमार सहित अन्य जवानों की अहम भूमिका रही.

Leave a Reply