हिमाचली खबर: प्रयागराज: प्रयागराज सहित पांच जिलों में आयोजित कांस्टेबल जीडी 2026 की परीक्षा रद्द कर दी गई है। इसे रद्द करने के पीछे तकनीकी कारणों का हवाला दिया गया है। प्रयागराज के अलावा कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर और बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित परीक्षा केंद्रों की परीक्षाएं रद्द हुई हैं।

प्रयागराज में जमकर हंगामा
कर्मचारी चयन आयोग की कांस्टेबल जीडी परीक्षा के अभ्यर्थियों ने प्रयागराज में जमकर हंगामा काटा है। परीक्षा न दे पाने पर परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र में जमकर तोड़फोड़ की है और सड़क पर जाम भी लगाया है।
दरअसल सोमवार को परीक्षार्थी एसएससी कांस्टेबल जीडी परीक्षा देने के लिए अंदावा के एक परीक्षा केंद्र पर पहुंचे थे। लेकिन परीक्षा में हिस्सा ना ले पाने से परीक्षार्थी आक्रोशित हो गए। परीक्षार्थियों ने परीक्षा कक्ष में रखे कंप्यूटर, लैपटॉप, सीपीयू के अलावा कुर्सी और फर्नीचर में तोड़फोड़ की। परीक्षार्थियों के हंगामे से परीक्षा केंद्र में अफरा तफरी मच गई।
परीक्षार्थियों ने लगाए ये आरोप
परीक्षार्थियों का आरोप था कि जब बैठने की जगह नहीं थी, तो इतनी दूर भीषण गर्मी में अधिक संख्या में परीक्षार्थियों को क्यों बुला लिया गया। एसएससी मध्य क्षेत्र की ओर से दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा स्थगित किए जाने की सूचना परीक्षा केंद्र पर चस्पा होने के बाद छात्र वापस चले गए।
एसएससी मध्य क्षेत्र में परीक्षा की जिम्मेदारी बेंगलुरु की कंपनी एडूक्विटी कॅरियर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड को दी है। अंदावा स्थित आईटेक जोन सेंटर पर द्वितीय और तृतीय पाली की परीक्षा के लिए कुल 650 कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध थे, दूसरी पाली में 505 की जगह 1035 परीक्षार्थी और तीसरी पाली में 495 की जगह 1034 परीक्षार्थियों का केंद्र आवंटित कर दिया।
केंद्र व्यवस्थापकों ने बताया कि अभ्यर्थियों के आवंटन की जानकारी सोमवार को ही केंद्र को ईमेल पर दी गई। इसके बाद क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों के पहुंचने पर अफरा तफरी मच गई। परीक्षार्थियों के तोड़फोड़ और जाम लगाने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। ट्रेनी आईपीएस ईश्वर लाल गुर्जर, एसीपी थरवई अरुण पाराशर, एसीपी फूलपुर विवेक यादव और सराय इनायत थाना अध्यक्ष संजय गुप्ता मौके पर पहुंचे।
एक छात्र हिरासत में लिया गया
पुलिस ने उग्र परीक्षार्थियों को समझाबुझाकर चक्का जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया। वहीं लैपटॉप लेकर भाग रहे एक छात्र को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया।



