सूरजपुर: अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव, पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त; 18 लोगों पर केस दर्ज, 4 घायल

सूरजपुर: आज लटोरी तहसील अंतर्गत ग्राम सुंदरगंज में शासकीय भूमि खसरा नंबर 35, 255 और 552 पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई प्रशासन द्वारा शुरू की गई. ग्राम पंचायत सुंदरगंज के सरपंच व ग्राम समिति की पहल पर एसडीएम सूरजपुर, राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई.

कार्रवाई के दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई. आरोप है कि कुछ अतिक्रमणकारी ग्रामीणों ने सरपंच और ग्राम समिति के सदस्यों के साथ झूमा-झटकी की तथा मौके पर मौजूद जेसीबी मशीन पर पथराव शुरू कर दिया. पथराव के चलते जेसीबी को पीछे हटना पड़ा. इसी दौरान रास्ते में खड़ी पुलिस वाहन भी पत्थरों की चपेट में आ गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया.

घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद और धक्का-मुक्की में चार लोगों के घायल होने की सूचना है. मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया. इस मामले में शासकीय कार्य में बाधा और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में लटोरी तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार पैंकरा की रिपोर्ट पर चौकी लटोरी, थाना जयनगर में अपराध क्रमांक 50/26 दर्ज किया गया है.

18 लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190, 324(3), 221 एवं लोक संपत्ति नुकसानी निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई जारी है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply