हिमाचली खबर: आज के दौर में बढ़ता वजन और सुस्त मेटाबॉलिज्म एक बड़ी चुनौती बन गया है। लोग वजन घटाने के लिए महंगे सप्लीमेंट्स और दवाओं जैसे Ozempic,Mounjaro जैसी कामयाब महंगी दवाओं का सहारा लेते हैं, लेकिन आयुर्वेद और आधुनिक विज्ञान दोनों ही प्रकृति में छिपे समाधानों पर भरोसा जताते हैं। इन्ही में से एक है मोरिंगा जिसे सहजन के नाम से भी जाना जाता है, इसे दुनिया भर में ‘सुपरफूड’ का दर्जा मिला है। कई हेल्थ एक्सपर्ट मोरिंगा का सेवन वजन घटाने के लिए करने पर जोर दे रहे हैं। लेकिन सवाल ये उठता है कि क्या मोरिंगा का पानी वाकई वजन कम करने में जादुई असर दिखाता है?

टाटा 1mg में क्लिनिकल हेल्थ एंड कंटेंट टीम की निदेशक डॉ. स्वाति मिश्रा ने एक लेख में जिक्र किया है कि मोरिंगा की पत्तियों को पानी में मिक्स करके उसका पानी पीने से बॉडी डिटॉक्स होती है। ये एक ऐसा खास ड्रिंक है जिसका सेवन सुबह खाली पेट करने से फायदा होता है। मोरिंगा का पानी हल्का और आसानी से पचने वाला ड्रिंक है जो पाचन को दुरुस्त करता है और बॉडी को हाइड्रेट भी रखता है। आइए रिसर्च से जानते हैं कि मोरिंगा का पानी कैसे वजन घटाने में मददगार साबित होता है और इसके फायदे कौनकौन से हैं।
मोरिंगा का पानी कैसे वजन घटाने में असरदार साबित होता है रिसर्च से जानिए
Moringa एक ऐसा सुपरफूड है जिसकी पत्तियों में फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट, पॉलीफेनॉल और कई बायोएक्टिव कंपाउंड मौजूद होते हैं जो मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करते हैं और फैट बर्निंग प्रोसेस को सपोर्ट कर सकते हैं। वैज्ञानिक रिसर्च के अनुसार, मोरिंगा में मौजूद कंपाउंड शरीर में फैट जमा होने की प्रक्रिया को धीमा कर सकते हैं और फैट ब्रेकडाउन को बढ़ावा दे सकते हैं। Journal of Functional Foods में प्रकाशित एक सिस्टमैटिक रिव्यू में पाया गया कि Moringa शरीर का वजन कम करने, लिपिड प्रोफाइल सुधारने और इंसुलिन सेंसिटिविटी बेहतर करने में मदद कर सकता है।
रिसर्च में यह भी सामने आया कि मोरिंगा भूख को कंट्रोल करने वाले हार्मोन्स जैसे लेप्टिन और घ्रेलिन पर असर डाल सकता है, जिससे बारबार भूख लगने की समस्या कम हो सकती है। इसके अलावा इसमें मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद करता है, जिससे ओवरईटिंग कम हो सकती है। शोधकर्ताओं के मुताबिक मोरिंगा की पत्तियों में एंटीऑक्सीडेंट और एंटीइंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं जो मेटाबॉलिक हेल्थ को बेहतर बनाने में भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि, एक्सपर्ट्स यह भी कहते हैं कि केवल मोरिंगा का पानी पीने से तेजी से वजन कम नहीं करता बल्कि बेहतर रिजल्ट के लिए संतुलित डाइट, नियमित एक्सरसाइज और हेल्दी लाइफस्टाइल भी जरूरी है।
वजन कम करने के लिए मोरिंगा का करें सीमित सेवन
एक्सपर्ट के मुताबिक मोरिंगा वजन कम करने का कोई जादुई उपाय नहीं है बल्कि इसके साथ ही आपको लाइफस्टाइल और डाइट में बदलाव करना भी जरूरी है। इसका जरूरत से ज्यादा सेवन आपकी सेहत भी बिगाड़ सकता है। अधिक मात्रा में मोरिंगा का सेवन पेट दर्द, लो ब्लड प्रेशर और पाचन से जुड़ी समस्याएं पैदा कर सकता है, इसलिए इसे सीमित मात्रा में ही लें।
मोरिंगा के सेहत के लिए फायदे
आयुर्वेदिक और यूनानी दवाओं के एक्सपर्ट डॉक्टर सलीम जैदी के मुताबिक मोरिंगा का पाउडर शरीर के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद क्वेरसेटिन और क्लोरोजेनिक एसिड जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करके शरीर की कोशिकाओं को नुकसान से बचाते हैं। यह ब्लड शुगर को कंट्रोल करने, इंसुलिन रेजिस्टेंस घटाने और डायबिटीज के खतरे को कम करने में मदद करता है।
मोरिंगा में पाए जाने वाले एंटीइंफ्लेमेटरी गुण शरीर की अंदरूनी सूजन को कम करते हैं, जिससे हार्ट डिजीज, अर्थराइटिस और कैंसर का जोखिम घटता है। इसके अलावा यह खराब कोलेस्ट्रॉल कम करके नसों की ब्लॉकेज और हार्ट अटैक के खतरे को भी कम करता है। रोजाना इन पत्तियों का सेवन यूरिन से जुड़ी परेशानियों को दूर कर सकता है और वजन भी घटा सकता है।
मोरिंगा का पानी कैसे करें तैयार
1 गिलास गुनगुने पानी में 1 चम्मच मोरिंगा पाउडर मिलाएं। चाहें तो इसमें नींबू और शहद डाल सकते हैं। सुबह खाली पेट इस पानी का सेवन करें।
डिस्क्लेमर: यह स्टोरी सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार की गई है। किसी भी तरह के स्वास्थ्य संबंधी बदलाव या डाइट में परिवर्तन करने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।



