नागौद: सरकारी नर्सरी में आधी रात ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, एसडीएम ने घेराबंदी कर पकड़ा अवैध खनन का काला खेल

नागौद  : नागौद क्षेत्र में खनिज माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे सरकारी संपत्तियों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं.ताजा मामला चंकुइया गांव स्थित सरकारी नर्सरी का है, जहां प्रशासन ने मंगलवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन का भंडाफोड़ किया है.एसडीएम अनिकेत शांडिल्य के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में मौके से एक जेसीबी और दो डंपर जब्त किए गए हैं.

6 महीने से चल रहा था खेल, रात के अंधेरे में खाली हो रही थी सरकारी जमीन

जानकारी के अनुसार, चंकुइया स्थित सरकारी नर्सरी की जमीन से पिछले करीब छह महीनों से अवैध रूप से खनिज संपदा निकाली जा रही थी.माफिया रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मशीनों के जरिए खुदाई करवाते थे और खनिज सामग्री को ठिकाने लगा देते थे.राजस्व विभाग को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने जाल बिछाया.

एसडीएम और तहसीलदार ने खुद संभाली कमान
अवैध उत्खनन की पुष्टि होने पर एसडीएम अनिकेत शांडिल्य और तहसीलदार प्रज्ञा द्विवेदी ने एक संयुक्त टीम गठित की.टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रात के वक्त नर्सरी परिसर की घेराबंदी की.अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर भगदड़ मच गई.

जब्ती: प्रशासन ने मौके से खुदाई कर रही एक जेसीबी और खनिज परिवहन में लगे दो डंपरों को कब्जे में ले लिया

संलिप्तता: शुरुआती जांच में जब्त किए गए वाहन चंचू सिंह और कैलाश सिंह के बताए जा रहे हैं.
शासन को करोड़ों की राजस्व हानि का अनुमान
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, लंबे समय से चल रहे इस अवैध उत्खनन के कारण शासन को भारी वित्तीय नुकसान हुआ है.

नर्सरी की जमीन को छलनी कर दिया गया है। राजस्व और खनिज विभाग ने अब संयुक्त रूप से मामला दर्ज कर लिया है.सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण या उत्खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.हमने वाहन जब्त कर लिए हैं और उत्खनन की मात्रा का आकलन किया जा रहा है. दोषियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.”अनिकेत शांडिल्य, एसडीएम, नागौद

जांच के घेरे में कई रसूखदार
इस कार्रवाई के बाद से क्षेत्र के खनिज माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है.प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि इतने लंबे समय से चल रहे इस खेल में और कौन-कौन शामिल था.क्या विभाग के किसी स्थानीय कर्मचारी की मिलीभगत थी? इन सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच शुरू कर दी गई है.

ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply