Jhansi Businessman kidnapping: उत्तरप्रदेश के में व्यापारी को कार सवार युवकों से बात करना भारी पड़ गया। एक्सीडेंटल बाइक देखकर मौके पर खड़े कार सवार युवकों से माजरा पूछना व्यापारी के लिए मुसीबत बन गया। 

आरोप है कि दोनों युवकों ने पहले व्यापारी के साथ मारपीट की और फिर जबरन कार में डालकर उसका अपहरण कर लिया। करीब दो घंटे तक व्यापारी को कार में घुमाकर पीटा गया। आरोप है कि उससे 15 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी गई। 

 सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर व्यापारी को मुक्त कराया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल कार यूपी पुलिस में तैनात एक पुलिसकर्मी के नाम दर्ज बताई जा रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों में रवि यादव के पिता महोबा जिले में यूपी पुलिस में इंस्पेक्टर पद पर तैनात बताए गए हैं।

क्या है पूरा मामला ?

झांसी के पंचवटी कॉलोनी निवासी विकास गुप्ता व्यापारी हैं। बीती रात करीब 10:30 बजे वह अपनी कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें एक एक्सीडेंटल बाइक दिखाई दी। विकास ने वहां खड़े कार सवार युवकों से बाइक के बारे में जानकारी ली।

आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों युवक नाराज हो गए और व्यापारी के साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ने विकास को जबरन अपनी कार में डाल लिया और करीब दो घंटे तक कार में घुमाते हुए उसके साथ मारपीट करते रहे।

15 लाख की फिरौती मांगी

आरोप है कि युवकों ने व्यापारी को छोड़ने के एवज में 15 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी। इसी बीच व्यापारी का भाई उसे तलाशते हुए मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की गाड़ी देख व्यापारी ने लगाई आवाज

पुलिस ने अपहर्ताओं की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस का आरोपियों से सामना हुआ, तो व्यापारी ने मदद के लिए आवाज लगाई। लेकिन आरोपी कार को तेज रफ्तार में भगाकर ले गए। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर विनय यादव और रवि यादव को गिरफ्तार कर लिया और घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली।

 पुलिस कर्मचारी की कार से वारदात

पुलिस के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल कार हरेंद्र के नाम पर रजिस्टर्ड है, जो यूपी पुलिस में ललितपुर जिले में तैनात बताया गया है। वहीं आरोपी रवि यादव के पिता महोबा जिले में इंस्पेक्टर पद पर तैनात बताए गए हैं।

पुलिस ने व्यापारी विकास गुप्ता को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।