सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एक घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद महिला का शव सड़क किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

मामूली कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक, घटना भटोली कलां क्षेत्र की है। मंगलवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। पुलिस के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने गुस्से में आकर बेलन से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद शव सड़क किनारे फेंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी ने महिला के शव को सड़क किनारे फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही बरोटीवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र बेदिया को गिरफ्तार कर लिया।

झारखंड के रहने वाले थे दोनों

मृतका की पहचान सुनीता के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम सुरेंद्र बेदिया बताया गया है। दोनों मूल रूप से झारखंड के रामगढ़ जिले के निवासी थे। वे बद्दी की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और भटोली क्षेत्र में बिरला कंपनी के समीप स्थित एक कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे।

FSL टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान भी घटनास्थल पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए। फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक जांच की। इसके बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बद्दी भेज दिया गया।

आरोपी से पूछताछ, जांच जारी

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। ये समाचार आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पोस्टमार्टम तथा फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है।