Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। अकबरपुर थाना क्षेत्र की संगसियापुर ग्राम पंचायत में 2016 से 2019 के बीच हुए कथित गबन के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जांच समिति की रिपोर्ट में लाखों रुपये की वित्तीय गड़बड़ी का मामला सामने आया है। अब इस मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्कालीन ग्राम प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

सरकारी धन में हेरफेर 

अकबरपुर थाना क्षेत्र के संगसियापुर ग्राम पंचायत में 2016 से 2019 के दौरान कराए गए विकास कार्यों और खर्चों की जांच में 7 लाख 31 हजार 67 रुपये के गबन का मामला सामने आया है। जांच समिति द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में सरकारी धन के उपयोग में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की।

ग्राम प्रधान की काली करतूत 

जिलाधिकारी के निर्देश पर एडीओ पंचायत की ओर से अकबरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस मामले में तत्कालीन ग्राम प्रधान राम सिंह, तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी हरनाथ संखवार, तत्कालीन वीपीओ प्रियंका शुक्ला और तत्कालीन वीडीओ स्नेहा राजपूत को नामजद किया गया है। आरोप है कि विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया और वित्तीय गड़बड़ी की गई। 

दोषी को बख्शा नहीं जाएगा

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बताया कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी धन के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। 

पुलिस जांच में जुटी 

फिलहाल अकबरपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संगसियापुर ग्राम पंचायत में सामने आए इस गबन मामले ने पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।