UP Weather Update : लखनऊ में बुधवार शाम हुई झमाझम बारिश के बाद गुरुवार सुबह मौसम कुछ साफ नजर आया, लेकिन शहर के कई इलाकों में अब भी बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने दिन में गरजचमक के साथ हल्की बारिश या बौछारों की संभावना जताई है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से जारी तेज बारिश का दौर अब धीरेधीरे कमजोर पड़ने वाला है।

बुधवार देर शाम तक राजधानी में 14.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही इस मानसून सीजन में अब तक लखनऊ में कुल 464.7 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 491.4 मिलीमीटर बारिश होती है। यानी इस बार अब तक सामान्य से करीब 5 फीसदी कम बारिश हुई है।

तापमान में होगी बढ़ोतरी, उमस बढ़ने के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे तक लखनऊ समेत कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। इसके बाद प्रदेश में मूसलाधार बारिश में काफी कमी आने की संभावना है। बारिश का दौर थमने के साथ ही तापमान धीरेधीरे बढ़ेगा और लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है।

बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी भी काफी ज्यादा रही और अधिकतम आर्द्रता 95 फीसदी तक पहुंच गई।

ये भी पढ़ें: 

जनेश्वर मिश्र पार्क में सबसे ज्यादा बारिश

बारिश के दौरान राजधानी के कई हिस्सों में पानी जम गया। जनेश्वर मिश्र पार्क क्षेत्र में सबसे ज्यादा 52.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राजभवन क्षेत्र में 52 मिलीमीटर और अंबेडकर पार्क इलाके में 48 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

दरअसल, दक्षिणी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से सटे इलाकों में बने दबाव के क्षेत्र के कारण पिछले कुछ दिनों से मानसून सक्रिय था। अब यह सिस्टम कमजोर पड़ रहा है, जिसके चलते बारिश की रफ्तार भी कम होने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में लखनऊ का मौसम धीरेधीरे बदल सकता है। बारिश से राहत मिलने के साथ दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें: