फिल्म गदर: एक प्रेम कथा में सनी देओल और अमीषा पटेल की जोड़ी ‘तारा सिंह’ और ‘सकीना’ के रूप में दर्शकों के दिलों में बस गई थी। यही वजह थी कि जब अमीषा ने बाद में हमराज़ की शूटिंग के दौरान एक सीन में बॉबी देओल के साथ काम किया, तो वहां मौजूद भीड़ ने रील और रियल लाइफ के फर्क को ही भूल गया।

एक इंटरव्यू में अमीषा ने बताया कि जयपुर के किले में हमराज़ के क्लाइमैक्स सीन की शूटिंग हो रही थी, जिसमें उन्हें अक्षय खन्ना पर गोली चलानी थी और इसके बाद बॉबी देओल उन्हें गले लगाने वाले थे। लेकिन जैसे ही बॉबी उन्हें गले लगाने आगे बढ़े, वहां मौजूद भीड़ भड़क उठी।
भीड़ जोरजोर से चिल्लाने लगी ”छोड़ दो उसे, ये तारा सिंह की अमानत है, अपने भाई की अमानत है!” लोगों का कहना था कि ‘सकीना’ सिर्फ तारा सिंह की है, जिसे वो पाकिस्तान से लेकर आया था। इस हंगामे के कारण शूटिंग का गंभीर माहौल अचानक हंसी में बदल गया।
अमीषा ने कहा कि यह पल उनके लिए ‘बिटरस्वीट’ था एक तरफ उन्हें खुशी हुई कि लोग उनके किरदार से इतना जुड़ गए हैं, वहीं दूसरी तरफ यह काफी मजेदार भी था। उन्होंने मजाक में बॉबी देओल से कहा, ”मैं आपको हग नहीं करूंगी, मैं आपके भाई की अमानत हूं।”
उन्होंने गदर की शूटिंग से जुड़ा एक और दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। अमीषा ने बताया कि एक बार वह सनी देओल के साथ ढाबे पर रुकीं। जैसे ही सनी ने कार की खिड़की खोली, खाना देने आया लड़का उन्हें देखकर हैरान रह गया, क्योंकि उसी वक्त टीवी पर उनकी फिल्म चल रही थी। वह इतना चौंक गया कि उसके हाथ से ट्रे गिर गई और सारा खाना उन पर गिर पड़ा।
अमीषा पटेल ने अपने करियर में सनी देओल के साथ गदर 2 जैसी बड़ी फिल्मों में काम किया है, जबकि बॉबी देओल के साथ हमराज़ और हमको तुमसे प्यार है जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।



