हिमाचली खबर: उत्तर प्रदेश में जौनपुर की पुलिस ने दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के मुख्य आरोपी रवि यादव का एनकाउंटर किया है. आमनेसामने की फायरिंग में पुलिस ने इस बदमाश को मार गिराया है. इस बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस ने पहले ही एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. इस बदमाश के एनकाउंटर के दौरान जौनपुर में लाइन बाजार थाने के एसएचओ केके सिंह को भी गोली लग गई. इसमें वह बुरी तरह से जख्मी हुए हैं. उनके बाएं हाथ में गोली लगी है.

जौनपुर में दूल्हे को गोली मारने वाला बदमाश एनकाउंटर में ढेर, 1 लाख का था इनाम​
जौनपुर में दूल्हे को गोली मारने वाला बदमाश एनकाउंटर में ढेर, 1 लाख का था इनाम​

दरअसल, रविवार की देर रात जौनपुर पुलिस को दूल्हा हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख के इनामिया बदमाश रवि यादव के बारे में इनपुट मिला था. उसकी लोकेशन खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ मोड़ के आसपास मिली थी. पुलिस ने इसके लिए वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी. सामने से आ रहे आरोपी को जब रोकने की कोशिश की गई तो वह पुलिस टीम पर फायरिंग करके भागने लगा.

पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपी को सरेंडर करने के लिए कहा. लेकिन इस बदमाश ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग की. ऐसे में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. इसमें गोली लगने से एक लाख के इनामिया रवि यादव की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं रवि यादव की चलाई गोली से इंस्पेक्टर केके सिंह बुरी तरह जख्मी हो गए.

बालबाल बचे दो पुलिसकर्मी

एनकाउंटर के दौरान बदमाश रवि यादव ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग की थी. इस दौरान दो कांस्टेबल को भी गोली लगी. गनीमत रही कि ये कांस्टेबल बुलेटप्रूफ जैकेट पहने थे, इसलिए वे बच गए. वहीं बाएं हाथ में गोली लगने से इंस्पेक्टर जख्मी हो गए. उन्हें फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अब तक जौनपुर पुलिस रवि यादव के 13 साथियों को अरेस्ट कर जेल की सलाखों में डाल चुकी है.

नेपाल बॉर्डर तक लगी पुलिस की टीमें

1 मई की रात बारात लेकर जा रहे 25 वर्षीय दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पुलिस ने सात लोगों को मुख्य आरोपी बनाया था. इनमें प्रदीप बिंद , रवि यादव और भोले राजभर शामिल हैं.

इन तीनों पर एकएक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. पुलिस अभी भी इन बदमाशों की तलाश कर रही है. इसके लिए दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज, सुल्तानपुर और नेपाल बॉर्डर तक दस टीमें लगाई गई हैं.

भाई की हत्या के बाद बहन का धरना

दूल्हा आजाद बिंद की हत्या के बाद न्याय के लिए उसकी बहन सौम्या बिंद लगातार प्रदर्शन कर रही थी. इसमें बिंद समाज के लोगों के साथ ही कई जिलों के राजनीतिक दलों के लोग भी उनका साथ दे रहे थे. जौनपुर पुलिस के लिए तीनों फरार एक लाख के इनामिया अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होना बड़ा सिरदर्द बन गया था. हालांकि, रवि यादव को ढेर करने के बाद पुलिस बाकी फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.