हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हिमाचल लौट रहे एक परिवार की खुशियां छीन लीं। खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर वापस घर आ रहे इस परिवार की कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस भीषण हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर लोटनी गांव के पास सुबह करीब साढ़े छह बजे हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक सड़क किनारे बिना किसी चेतावनी संकेत या इंडिकेटर के खड़ा था, जिससे तेज रफ्तार कार सीधे उसमें जा घुसी।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। बाद में पुलिस और इमरजेंसी टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाया।
घायल परिवार के सदस्य साहिल सच्चर ने बताया कि वे 11 अप्रैल को अपने पिता बृजमोहन, बहनों नीतू और चांदनी, और जीजा सौरव सोनी के साथ खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए गए थे। वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। उस समय कार सौरव चला रहे थे और बाकी सभी सदस्य उसमें सवार थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 68 वर्षीय बृजमोहन को अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी बेटियां गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य परिजनों को भी चोटें आई हैं।
पुलिस ने ट्रक के नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क किनारे बिना संकेत खड़े वाहनों की लापरवाही को उजागर करता है, जो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।

