सिनेमाघरों में हर साल जाने कितनी ही फिल्में रिलीज होती हैं, लेकिन इनमें से ऐसी कम ही होती हैं जो दुनियाभर के दर्शकों को प्रभावित करने में सफल हों। 28 अप्रैल 2017 को सिनेमाघरों में एक ऐसी ही फिल्म रिलीज हुई, जो एक फिल्म से ज्यादा एक सांस्कृतिक इवेंट बन गई थी। हम बात कर रहे हैं एसएस राजामौली द्वारा निर्देशित और प्रभास स्टारर ‘ बाहुबली 2: द कंक्लूजन’ की, जिसने भारतीय सिनेमा के स्वरूप को ही बदलकर रख दिया और बॉक्स ऑफिस संभावनाओं को नए सिरे से परिभाषित किया। इस फिल्म से मेकर्स को काफी उम्मीदें थीं और इसने सभी उम्मीदों को शानदार ढंग से पूरा किया। इस फिल्म को रिलीज हुए आज 9 साल हो गए हैं, तो चलिए इसके कुछ रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।

दुनियाभर में 1788 करोड़ की कमाई
2017 में रिलीज हुई एसएस राजामौली की इस फिल्म ने उस समय जो कमाई की, उसकी शायद किसी को ही उम्मीद रही होगी। ‘बाहुबली 2’ ने विश्व स्तर पर लगभग 1,788 करोड़ रुपये कमाए। भारत में इसने करीब 1,429 करोड़ रुपये और विदेशी बाजारों से लगभग 359 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। भारत में इसका शुद्ध संग्रह लगभग 1,030 करोड़ रुपये रहा, जबकि इस फिल्म का बजट लगभग 250 करोड़ रुपये था। इसी के साथ ये उन दिनों सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दूसरी फिल्म बन गई, जबकि 2016 में रिलीज हुई आमिर खान की ‘दंगल’ इससे आगे रही। मगर अब रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ प्रभास की ‘बाहुबलीः द कन्क्लूजन’ का रिकॉर्ड तोड़ चुकी है।
बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
प्रभास, राणा दग्गुबाती, अनुष्का शेट्टी और तमन्ना भाटिया जैसे स्टार्स से सजी इस फिल्म की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक यह थी कि यह विश्व स्तर पर 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली दूसरी भारतीय फिल्म बन गई। रिलीज होने पर, ये विश्व स्तर पर सबसे अधिक कमाई करने वाली दूसरी भारतीय फिल्म भी बन गई। यह अपने समय की उन फिल्मों में से एक थी जिन्होंने विश्व स्तर पर 100 करोड़ रुपये, 500 करोड़ रुपये और फिर 1,000 करोड़ रुपये जैसे बड़े आंकड़े सबसे तेजी से पार किए।
हिंदी डब वर्जन ने बदला गेम
इस फिल्म का हिंदी डब वर्जन भी काफी चर्चा में रहा, जिसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। बाहुबली 2 से पहले, डब की गई दक्षिण भारतीय फिल्मों की हिंदी दर्शकों के बीच पहुंच सीमित थी, लेकिन बाहुबली 2 ने इसे पूरी तरह से बदल दिया और सभी रुकावटों को पार करते हुए इसके हिंदी संस्करण ने लगभग 511 करोड़ रुपये का शुद्ध संग्रह किया और इसी के साथ टॉप हिंदी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को टक्कर दी।
बॉक्स ऑफिस पर मचाई धूम
सबसे खास बात तो ये है कि ये फिल्म कई जगहों पर 50 दिनों या उससे अधिक समय तक चलती रही और दर्शकों को एंटरटेन करती रही। तमिल, तेलुगु, हिंदी और मलयालम में रिलीज हुई बाहुबली 2 ने साबित कर दिया कि भाषा की बाधाओं को कहानी कहने के माध्यम से तोड़ा जा सकता है। यही वो फिल्म थी जिसने प्रभास को पैन इंडिया स्टार के रूप में स्थापित करने में मदद की और एसएस राजामौली को भारत के सबसे प्रभावशाली फिल्म निर्माताओं में से एक बनाया।
ः



