सिद्धार्थनगर : इटवा थाना क्षेत्र के ग्राम परसिया में मंगलवार शाम एक 22 वर्षीय युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. घटना उस समय हुई जब मृतका घर में अकेली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है.
घर में अकेली थी युवती
जानकारी के अनुसार, परसिया निवासी साधना पुत्री श्रीराम प्रजापति मंगलवार को घर पर मौजूद थी. परिवार के अन्य सदस्य खेती के काम से खेतों पर गए हुए थे. इसी बीच, साधना ने अज्ञात कारणों के चलते कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली. शाम को जब परिजन वापस लौटे, तो घर का दृश्य देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
अंतिम संस्कार से पहले पहुंची पुलिस
घटना के बाद बदहवास परिजन आनन-फानन में शव को गांव के श्मशान घाट ले जाने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान किसी ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दे दी. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और शव को अपने संरक्षण में ले लिया.
जांच में जुटी फोरेंसिक टीम
साक्ष्यों के संकलन के लिए मौके पर फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि युवती ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया.
थाना प्रभारी का बयान:
“प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है. शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है. आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी.”