हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। शाहपुर के चडी-घेरा मार्ग पर देर रात एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए—इंजन और पहिए तक अलग हो गए।
इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत धर्मशाला के जोनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग एक निजी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान ड्राइवर का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार सीधे खाई में जा गिरी। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय करण बहादुर और 18 वर्षीय करीना देवी के रूप में हुई है, जो भितलू पंचायत के निवासी थे।
हादसे का पता तुरंत नहीं चल सका क्योंकि रात का समय था और सड़क सुनसान थी। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। घायल पूरी रात खाई में पड़े रहे और उन्हें कोई मदद नहीं मिल पाई। शनिवार सुबह जब राहगीरों ने सड़क किनारे गाड़ी के टूटे हुए हिस्से देखे, तब इस भयावह दुर्घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या फिर वाहन में किसी तरह की तकनीकी खराबी थी।