हिमाचली खबर: समाजवादी पार्टी के एक सांसद के विवादित बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इस मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि देश की जनता समय आने पर अमर्यादित आचरण का उत्तर जरूर देगी। साथ ही सीएम योही ने सपा सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी को असंसदीय, अशोभनीय और अक्षम्य बताया है।

भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी गंभीर आघात
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय जननेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति एक सांसद द्वारा की गई असंसदीय टिप्पणी न केवल अशोभनीय और अक्षम्य है, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर भी गंभीर आघात है। यह कृत्य राजनीतिक कुसंस्कार, वैचारिक दिवालियापन और सार्वजनिक जीवन की शालीनता के प्रति अनादर को प्रकट करता है।’
विश्वास और भारत की लोकतांत्रिक गरिमा का अपमान
इसके साथ ही सीएम योगी ने कहा, ‘यह 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश, विश्वास और भारत की लोकतांत्रिक गरिमा का भी अपमान है। देश की जनता ऐसे अमर्यादित आचरण का उत्तर समय आने पर जरूर देगी।’
सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी का विवादित बयान
बता दें कि हमीरपुरमहोबा लोकसभा सीट से सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी का एक विवादित बयान सामने आया है। इसमें सपा सांसद ने अभद्र टिप्पणी की है। सपा सांसद के विवादित बयान के बाद बीजेपी लगातार हमलावर है। पार्टी के कई नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री और लोकतांत्रिक संस्थाओं का अपमान बताया है।



