खाने में इलायची का इस्तेमाल स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए किया जाता है। मिठाई, सब्जी, चाय और कई दूसरी चीजों में इलायची का इस्तेमाल किया जाता है। इलायची का सेवन सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना गया है। हरी इलायची जिसे छोटी इलायची कहते हैं और काली इलायची जिसे बड़ी इलायची कहते हैं, इनके अपने गुण हैं। दोनों इलायची दिखने में जितनी अलग हैं इनके गुण और स्वाद भी उतने ही अलग होते हैं। आइये जानते हैं हरी इलायची और काली इलायची में क्या अंतर होता है, इनके फायदे क्या हैं?

छोटी इलायची और बड़ी इलायची में अंतर
छोटी इलायची हरे रंग की और काफी छोटे आकार की होती है। इसमें छिलका हटाने पर छोटेछोटे बीज निकलते हैं। वहीं बड़ी इलायची काले रंग की और काफी मोटी होती है। इसे छीलने के बाद इसमें काले रंग के थोड़े बड़े साइज के दाने निकलते हैं। छोटी इलायची का स्वाद मीठा और सुगंधित होता है। वहीं बड़ी इलायची खाने में तीखा और स्मोकी फ्लेवर देती है। छोटी इलायची का इस्तेमाल चाय, दूध माउथ फ्रेशनर और मिठाई में किया जाता है। वहीं बड़ी इलायची का इस्तेमाल सब्जी, दाल, बिरयानी में किया जाता है।
छोटी इलायची के फायदे
छोटी इलायची को “ग्रीन कार्डमम” भी कहते हैं। इसे खाने से पाचन तंत्र मजबूत होता है। जिन लोगों को गैस, अपच और एसिडिटी रहती है उनके लिए छोटी इलायची अच्छी है। मुंह की दुर्गंध दूर करने और सर्दी‑खांसी में आराम पहुंचाने में छोटी इलायची फायदेमंद मानी जाती है। इसे खाने से तनाव कम करने और दिमाग को शांत रखने में मदद मिलती है। छोटी इलायची का उपयोग ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए भी किया जा सकता है।
बड़ी इलायची के फायदे
बड़ी इलायची को “ब्लैक कार्डमम” कहते हैं। बड़ी इलायची पाचन और भूख बढ़ाने में मदद करती है। इससे कफ और बलगम में राहत मिलती है। सांस के रोगियों के लिए बड़ी इलायची को अच्छा माना जाता है। इसमें एंटी‑बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं। बड़ी इलायची खाने से कोलेस्ट्रॉल कम होता है और शरीर की गर्मी को बैलेंस किया जा सकता है।
कौन‑सी इलायची ज्यादा फायदेमंद?
हेल्थ के लिए छोटी इलायची और बड़ी इलायची दोनों ही फायदेमंद हैं। छोटी इलायची का इस्तेमाल रोज कर सकते हैं। इससे पाचन अच्छा रहेगा। वहीं बड़ी इलायची खाना पचाने और सर्दी‑खांसी को दूर करने के लिए खाई जाती है। छोटी और बड़ी इलायची दोनों ही फायदेमंद हैं। ये आपकी जरूरतों और स्वास्थ्य पर निर्भर करता है कि आप क्या खा रहे हैं।
|
|

