हिमाचली खबर: Aluminium Ke Bartan Kaise Saaf Karen: किचन में लोहे, स्टील, तांबे और एल्युमिनियम के बर्तनों का इस्तेमाल आम बात है। ज्यादातर घरों में एल्युमिनियम की कढ़ाई, कुकर और अन्य बर्तनों का इस्तेमाल किया जाता है क्योंकि यह हल्के, टिकाऊ और जल्दी गर्म हो जाते हैं। लेकिन समय के साथ इन बर्तनों पर कालेपन की परत और पानी के दाग जमने लगती है जिसकी वजह से इनकी चमक फीकी पड़ जाती है। लगातार इस्तेमाल करने और सही से सफाई न करने की वजह से बर्तन जल्दी पुराने और गंदे दिखने लगते हैं।

अगर आपके घर में भी एल्युमिनियम के बर्तन इस्तेमाल किए जाते हैं तो उनकी खोई हुई चमक को कुछ घरेलू तरीकों से वापस लाया जा सकता है। किचन में रखी कुछ चीजों का इस्तेमाल करके इन बर्तनों को साफ किया जा सकता है।
बेकिंग सोडा
बर्तनों पर जमी चिकनाई और गंदगी को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसके लिए बेकिंग सोडा को पानी में मिलाकर पेस्ट बना लें और इसे बर्तन पर हल्के हाथों से रगड़ें।
सफेद सिरका
एल्युमिनियम के बर्तनों की चमक वापस लाने के लिए सफेद सिरका का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए गंदे बर्तनों में पहले गर्म पानी भरें और इसमें थोड़ा सिरका डालें। फिर एक घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें। अब बर्तन को डिटर्जेंट और पानी की मदद से साफ करें। अगर बर्तन ज्यादा जला हुआ है तो उसे साफ करने के लिए स्क्रबर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
डिटर्जेंट और नींबू का घोल
एल्युमिनियम के बर्तन समय के साथ अपनी चमक खो देते हैं। ऐसे में दाग को छुड़ाने के लिए आप पानी, डिटर्जेंट, नींबू और नमक का इस्तेमाल कर सकते हैं। गंदे बर्तनों को गर्म पानी में भिगो दें। अब इसमें डिटर्जेंट, नींबू और नमक का मिश्रण डालकर कुछ देर ऐसे ही छोड़ दें। ब्रश की मदद से बर्तनों को साफ करें। इससे जिद्दी चिकनाई और कालापन दूर हो जाएगा।
गर्म पानी और नमक
अगर एल्युमिनियम का बर्तन अंदर से जल गया है तो इसके लिए सबसे पहले उस बर्तन में पानी को भरकर गर्म कर लें। इसमें एक चम्मच नमक डालें और कुछ देर उबलने दें। जब पानी ठंडा हो जाए तो उसे निकालकर बर्तन को साफ कर लें। इससे जला हुआ निशान आसानी से साफ हो जाएगा।



